Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsJharkhand Gymnasts Shine at International Almaty Cup 2025
खलारी की बेटियों ने कज़ाख़िस्तान में जीता मेडल

खलारी की बेटियों ने कज़ाख़िस्तान में जीता मेडल

संक्षेप:

कज़ाख़िस्तान के अल्माटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अल्माटी कप 2025 में झारखंड की जिम्नास्टों चंदा कुमारी और ऋष्टि राज ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने ग्रुप स्टेप एरोबिक्स में स्वर्ण और एरो एरोबिक्स में रजत पदक जीते। चंदा ने व्यक्तिगत श्रेणी में कांस्य पदक भी हासिल किया। इस सफलता से खलारी प्रखंड में खुशी का माहौल है।

Nov 16, 2025 07:17 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

खलारी, संवाददाता। कज़ाख़िस्तान के अल्माटी में 6 से 10 नवंबर तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय अल्माटी कप 2025 में झारखंड की उभरती जिम्नास्टों ने शानदार प्रदर्शन कर भारत का मान बढ़ाया। खलारी प्रखंड की दो प्रतिभाशाली बेटियां- किता ठरहा बस्ती की चंदा कुमारी और डुंडू बस्ती की ऋष्टि राज, ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से तीन पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड का परचम लहराया। ग्रुप स्टेप एरोबिक्स जिम्नास्टिक्स में ऐतिहासिक जीत: झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी (जेएसएसपीएस) की कैडेट खिलाड़ी चंदा कुमारी और ऋष्टि राज ने कोच विकास कुमार गोपे के साथ 8 सदस्यीय भारतीय टीम में हिस्सा लिया। विभिन्न देशों के प्रतिभागियों के बीच कठिन मुकाबला करते हुए टीम ने बेहतरीन तालमेल और शक्ति का परिचय दिया तथा ग्रुप स्टेप एरोबिक्स जिम्नास्टिक्स श्रेणी में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

यह उपलब्धि झारखंड के लिए गर्व का क्षण रही। एरो एरोबिक्स ग्रुप जिम्नास्टिक्स में शानदार प्रदर्शन: उसी 8 सदस्यीय टीम ने एरो एरोबिक्स ग्रुप जिम्नास्टिक्स स्पर्धा में भी उत्कृष्ट तालमेल दिखाया। चंदा और ऋष्टि की फुर्ती, संतुलन और सामूहिक प्रस्तुति ने दर्शकों और जजों को प्रभावित किया और टीम ने रजत पदक जीतकर भारत की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए एक और उपलब्धि दर्ज की। कोच विकास कुमार गोपे की तकनीकी दक्षता टीम की इस सफलता में अहम रही। व्यक्तिगत वर्ग में चंदा का दमदार प्रदर्शन: ग्रुप के साथ-साथ चंदा कुमारी ने महिला व्यक्तिगत श्रेणी में भी दमदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का अलग से लोहा मनवाया। उनका यह प्रदर्शन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि रही बल्कि झारखंड की जिम्नास्टिक्स शक्ति को भी वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करता है। कड़ी मेहनत और लगातार प्रशिक्षण की बदौलत मिली सफलता: दोनों खिलाड़ी 2018 में जेएसएसपीएस द्वारा आयोजित ट्रायल के माध्यम से चयनित हुई थीं। इससे पूर्व चंदा और ऋष्टि ने गणेश सपोर्टिंग क्लब में प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त किया था। चयन के बाद ये दोनों खिलाड़ी जेएसएसपीएस खेलगाँव में रहकर नियमित अभ्यास कर रही हैं। इस उपलब्धि के पीछे उनकी लगन, अनुशासन और कोच का अनुभव प्रमुख रहा। गांव और राज्य में खुशी की लहर: चंदा और ऋष्टि की सफलता की खबर मिलते ही खलारी प्रखंड के ठरहा और डुंडू बस्ती में जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने दोनों बेटियों और उनके परिवारों को बधाई दी। झारखंड सरकार, सीसीएल और खेल संस्थानों ने भी सभी खिलाड़ियों व कोच विकास गोपे को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।