झारखंड में खुलेंगे 4 नए इंजीनियरिंग कॉलेज और 9 पॉलिटेक्निक

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

झारखंड सरकार ने तकनीकी शिक्षा के विस्तार के लिए चार नए इंजीनियरिंग कॉलेज और नौ पॉलिटेक्निक संस्थान स्थापित करने की योजना बनाई है। खूंटी, गुमला, साहिबगंज और आदित्यपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे। इसके साथ ही, राज्य में सस्टेनेबिलिटी पार्क की स्थापना और पॉलिटेक्निक संस्थानों को इनोवेशन हब में बदलने की योजना है।

झारखंड में खुलेंगे 4 नए इंजीनियरिंग कॉलेज और 9 पॉलिटेक्निक

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड में तकनीकी शिक्षा के विस्तार के लिए राज्य सरकार ने चार नए इंजीनियरिंग कॉलेज और नौ पॉलिटेक्निक संस्थानों की स्थापना की तैयारी पूरी कर ली है। उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा तैयार प्रस्ताव के अनुसार, खूंटी, गुमला, साहिबगंज और आदित्यपुर में नए इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे। वहीं, बरही, बुंडू, चाकुलिया, पोटका, पतरातू, चाईबासा, गिरिडीह, राजनगर और देवघर में नए पॉलिटेक्निक संस्थानों की स्थापना की जाएगी। विभाग वर्तमान में जमीन चिह्नितिकरण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे रहा है, जिसके लिए बजट में आवश्यक प्रावधान पहले ही किए जा चुके हैं। इन नए संस्थानों के संचालन के लिए शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के पदों का सृजन किया जाएगा।

साथ ही, विभाग के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए रोस्टर क्लियर कराकर जल्द ही संबंधित आयोगों को अधियाचना भेजी जाएगी। इस पहल से राज्य के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।तकनीकी विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाते हुए राज्य में एक सस्टेनेबिलिटी पार्क की स्थापना भी की जाएगी। इस पार्क में रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा), ग्रीन टेक्नोलॉजी, गैर-पारंपरिक ऊर्जा स्रोत, जल पुनर्भरण (वाटर रिचार्जिंग) और मृदा उर्वरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शोध और अध्ययन किया जाएगा।इसके अतिरिक्त, राज्य के सभी पॉलिटेक्निक संस्थानों को इनोवेशन हब के रूप में विकसित करने की योजना है। इन हब्स में आधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी, जिनमें टेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर, डिजाइन स्टूडियो, इलेक्ट्रिकल व इलेक्ट्रॉनिक्स लैब, टिंकरिंग लैब और आइडिया लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन प्रयोगशालाओं का मुख्य उद्देश्य शोध के माध्यम से उत्पादों और सेवाओं की वर्तमान प्रक्रियाओं में सुधार लाना और नवाचार को बढ़ावा देना होगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।