खजाना खाली होने की बात पूरी तरह से निराधार : कांग्रेस

Newswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के आरोपों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के आरोप राजनीति से प्रेरित और निराधार हैं। उन्होंने राज्य सरकार की वित्तीय स्थिति की मजबूती के बारे में भी बताया और भाजपा के वित्तीय कुप्रबंधन के आरोपों को उनके शासनकाल की यादों के रूप में खारिज किया।

खजाना खाली होने की बात पूरी तरह से निराधार : कांग्रेस

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने इसे राजनीति से प्रेरित और तथ्यों से परे बताया है। भाजपा के राजकोष कंगाल और सिस्टम बेहाल वाले आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पहले ही यह स्पष्ट किया जा चुका है कि कुछ तकनीकी दिक्कतों और पोर्टल के अपडेट प्रक्रिया में रहने के कारण थोड़ी परेशानी जरूरी हुई है, लेकिन खजाना खाली होने की बात पूरी तरह से निराधार है। झारखंड देश के उन राज्यों की सूची में टॉप पर है, जिन राज्यों की फिजिकल हेल्थ रैंकिंग उत्कृष्ट है।

झारखंड की गिनती उन राज्यों में भी होती है, जो अपने आंतरिक संसाधनों के माध्यम से सरप्लस बजट वाला राज्य रहा है। इसके बावजूद खजाना खाली होने का निराधार आरोप लगाकर भाजपा नेता लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार और वित्त विभाग की सक्रियता के कारण राज्य की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ हुई है। संसाधन अब बिचौलियों के बजाए सीधे जनता तक पहुंच रहे हैं, जिससे भाजपा बौखला गई है। विपक्ष के पास सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का कोई ठोस काट नहीं है। इसलिए वे केवल सनसनी फैलाने और संवैधानिक विभागों की छवि धूमिल करने के लिए ऐसे बेबुनियाद दावे कर रहे हैं। भाजपा आज जिन घोटालों या वित्तीय कुप्रबंधन की बात कर रही है, वह उनके अपने शासनकाल की यादें हैं। जो पार्टी खुद सत्ता में रहते हुए राज्य की तिजोरी को लूटने के लिए जानी जाती रही है, उसे आज सुशासन पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।