सांप्रदायिक और विभाजनकारी बयान दे रहे मरांडी : कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के सांप्रदायिक आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और मरांडी के पास विकास पर बात करने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे धर्म और जाति के मुद्दों का सहारा ले रहे हैं। राज्य सरकार ने योग्यता को प्राथमिकता दी है।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी जैसे वरिष्ठ नेता से इस तरह के सांप्रदायिक और विभाजनकारी बयानों की उम्मीद नहीं की जा सकती। भाजपा और बाबूलाल मरांडी के पास राज्य के विकास पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए वे अब धर्म, जाति और ‘हिजाब-नकाब’ जैसे शब्दों का सहारा लेकर झारखंड की गंगा-जमुनी तहजीब को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 1932 के खतियान और आदिवासी-मूलवासी के हितों के लिए समर्पित है।
राज्य सरकार ने नियुक्तियों में किसी की जाति या धर्म नहीं देखा, बल्कि योग्यता और झारखंडी पहचान को प्राथमिकता दी है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आगे कहा कि अपराधियों का कोई धर्म नहीं होता और राज्य सरकार में कानून सबके लिए बराबर है। भाजपा का काम केवल समाज में विद्वेष फैलाना और असली मुद्दों से ध्यान भटकाना है। बजरंग दल या किसी भी संस्था के नाम पर राजनीति करने के बजाय बाबूलाल मरांडी को यह बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने झारखंड के हक के 1.36 लाख करोड़ रुपये अब तक क्यों दबा रखे हैं? झारखंड की जनता अब भाजपा की इस ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति को समझ चुकी है और इसका करारा जवाब देगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



