
झारखंड की प्राचीन सभ्यता पर लंदन में हो रही चर्चा : कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मंत्री सुदिव्य कुमार के नेतृत्व में यूनाइटेड किंगडम गए प्रतिनिधिमंडल की सराहना की। उन्होंने इसे राज्य की उपलब्धि बताया और कहा कि झारखंड की प्राचीन सभ्यता और मेगालिथ विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मंत्री सुदिव्य कुमार के नेतृत्व में यूनाइटेड किंगडम गए प्रतिनिधिमंडल की सराहना की है। उन्होंने इसे राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सरकार की दूरदर्शिता का परिणाम है कि आज झारखंड की प्राचीन सभ्यता और मेगालिथ विरासत पर लंदन के प्रतिष्ठित संस्थानों में चर्चा हो रही है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को दुनिया के सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है। मेगालिथ और मोनोलिथ संरचनाएं हमारे आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास का हिस्सा है।
इन्हें यूनेस्को की सूची में शामिल करने का प्रयास यह दर्शाता है कि हमारी सरकार अपनी जड़ों और जल-जंगल-जमीन की विरासत को कितना महत्व देती है। कहा कि वैज्ञानिक और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ लंदन के विशेषज्ञ समूहों के साथ संवाद यह सुनिश्चित करेगा कि हमारी धरोहरों का संरक्षण केवल पारंपरिक नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप हो। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल उपहार होगा। उन्होंने कहा कि जब झारखंड के ये स्थल विश्व धरोहर की सूची में आएंगे, तो इससे न केवल राज्य का मान बढ़ेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के द्वार भी खुलेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और झारखंड की अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




