सरकार के साथ मिल औद्योगिक विकास को सक्रिय रहेंगे : चैंबर
झारखंड चैंबर की कार्यकारिणी समिति की पांचवीं बैठक, पंडरा मार्केट को मतगणना स्थल बनाने पर रोक का स्वागत

रांची, संवाददाता। झारखंड चैंबर की कार्यकारिणी समिति की पांचवीं बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जामताड़ा, गिरिडीह, खूंटी, गुमला, रामगढ़, डालटनगंज सहित कई जिलों के चैंबर प्रतिनिधि शामिल हुए। इस बैठक में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में झारखंड चैंबर को प्रतिनिधित्व मिलने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच की सराहना की गई। इसे राज्य में निवेश के लिए सकारात्मक संदेश बताया गया। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि संगठन सरकार के साथ मिलकर औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। इस दौरान आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेस प्रा. लि. और ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज को पैट्रौन सदस्यता दी गई।
पंडरा टर्मिनल मार्केट यार्ड को मतगणना स्थल बनाए जाने पर उच्च न्यायालय की रोक पर व्यापारियों ने संतोष जताया और भविष्य में इसके उपयोग से बचने की मांग रखी। बैठक में पुलिस-व्यवसायी समन्वय समिति, निवेश अनुकूल नीतियों, उप समितियों के विस्तार, बजट सुझाव, महुआ बोर्ड की स्थापना, रेलवे कनेक्टिविटी और नए औद्योगिक क्षेत्रों जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। चैंबर नेतृत्व ने संबंधित विभागों और केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर मांगें रखने का आश्वासन दिया। जिला स्तर पर पुलिस व्यवसायी समन्वय समिति की बैठकों के आ रहे सकारात्मक परिणाम को देखते हुए सदस्यों की मांग पर चैंबर महासचिव ने जल्द ही डीजीपी से मिलकर, सभी जिलों के एसपी और जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक के पुनः आयोजन की बात कही। यह भी कहा कि राज्य में निवेश अनुकूल नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जल्द ही उद्योग सचिव के साथ बैठक की जायेगी। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष राम बांगड और प्रवीण लोहिया ने संयुक्त रूप से दो नई उप समितियों लैंड रिफॉर्म-किशोर मंत्री, खुदरा व्यवसाय-योगेंद्र पोद्दार और बैंकिग उप समिति में विनय छापड़िया को एक अतिरिक्त चेयरमैन मनोनित किया। सदस्यों के बीच झारखंड बजट और आम बजट को लेकर भी चर्चा हुई। चैंबर अध्यक्ष ने अवगत कराया कि झारखंड चैंबर की ओर से झारखंड सरकार द्वारा आयोजित प्री बजट मीटिंग में राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, रमेश कुमार और संजय अग्रवाल ने गिरिडीह, गुमला, लोहरदगा, पाकुड़, साहेबगंज में पर्याप्त रेलवे कनेक्टिविटी के अभाव में हो रही कठिनाइयों के बारे में बताया। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष उदयशंकर दुबे ने पलामू जिले में नए उद्योगों की स्थापना के लिए अतिरिक्त औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की बात कही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



