आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी स्थानीय दुकानों से करें: चैंबर
झारखंड चैंबर ने मंगलवार को बिजनेस एक्सचेंज की तीसरी बैठक आयोजित की। सदस्यों ने आपस में व्यवसाय की जानकारी साझा की और स्थानीय व्यापार को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की तुलना में प्रतिस्पर्धी दरों पर बढ़ावा देने पर चर्चा की। बैठक का उद्देश्य नेटवर्किंग के साथ-साथ व्यापारिक अवसरों का सृजन करना था।

रांची, संवाददाता। झारखंड चैंबर की ओर से मंगलवार को बिजनेस एक्सचेंज की तीसरी बैठक हुई। इस दौरान सदस्यों ने एक-दूसरे से परिचय कराते हुए अपने-अपने व्यवसाय की जानकारी साझा की और आपस में बिजनेस कार्ड का आदान-प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने कहा कि स्थानीय व्यापारी आज ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की तुलना में प्रतिस्पर्धी दरों पर उपभोक्ता सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं और उपभोक्ताओं को अपनी आवश्यक वस्तुओं की खरीद स्थानीय दुकानों से करनी चाहिए। चैंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि बिजनेस एक्सचेंज मीटिंग का उद्देश्य केवल नेटवर्किंग नहीं, बल्कि चैंबर सदस्यों के बीच वास्तविक व्यापारिक अवसर सृजित करना है।
यह देखकर संतोष होता है कि सदस्य आपस में व्यापार कर रहे हैं और उन्हें ठोस ऑर्डर भी मिल रहे हैं। आने वाले समय में इस तरह की बैठकों को और अधिक प्रभावी व नियमित बनाया जाएगा। ऑफलाइन व्यापार को सशक्त बनाने को सहयोग जरूरी उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने कहा कि ऑफलाइन व्यापार को सशक्त बनाने के लिए आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। चैंबर का प्रयास है कि लोकल से वोकल की भावना को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक व्यापारिक अवसर अपने सदस्यों को उपलब्ध कराए जाए। बैठक में सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, अनीश बुधिया, अमित मिश्रा, तेजविंदर सिंह, अलोक कुमार, प्रियंक भगत, शशांक मित्तल, युवराज गोया, मनीष पियूष, सुमित कक्कड़ समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।


