
खूंटी में ‘नो योर टूरिस्ट प्लेस’ थीम पर विशेष कार्यक्रम आयोजित
झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर खूंटी में 'नो योर टूरिस्ट प्लेस' थीम पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। उपायुक्त आर. रॉनिटा ने हॉकी खिलाड़ियों को जिले के पर्यटन स्थलों की ओर रवाना किया। कार्यक्रम में ट्रेकिंग, भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि और स्थानीय पहचान को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
खूंटी, संवाददाता। झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला प्रशासन, खूंटी की ओर से गुरुवार को नो योर टूरिस्ट प्लेस थीम पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की पहचान और उन्हें बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के तहत उपायुक्त आर. रॉनिटा ने बिरसा मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, खूंटी से आवासीय बालक हॉकी सेंटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बालिका हॉकी सेंटर की प्रशिक्षु खिलाड़ियों को जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों- डोम्बारीबुरु, पंचघाघ और लतरातू डैम के भ्रमण हेतु हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपायुक्त आर रॉनिटा और पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो के नेतृत्व में जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, कर्मियों और प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने डोम्बारीबुरु की ट्रेकिंग भी की।
ट्रेकिंग की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को नमन करते हुए की गई। ऐतिहासिक स्थल की वादियों में प्रतिभागियों ने प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य का आनंद लिया और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय पहचान को सशक्त करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप, एसडीपीओ वरुण रजक, जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी राजेश कुमार, नजारत उप समाहर्ता कोमल कुमारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह, ऊर्जा और झारखंडी गौरव का वातावरण देखने को मिला।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




