पीएम मोदी के रिकॉर्ड पर राज्य में पूजा-अर्चना व जश्न का माहौल
झारखंड भाजपा में पीएम नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने पर जश्न का माहौल है। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मोदी के स्वास्थ्य और राष्ट्रहित में उनके नेतृत्व के लिए मंगलकामनाएं कीं। उन्होंने कहा कि मोदी ने 4,399 दिनों तक देश की सेवा की है।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। देश में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड नरेंद्र मोदी के नाम होने पर झारखंड भाजपा में भी जश्न व उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा जगह-जगह पूजा-अर्चना की गई। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुड़मा स्थित राजी पहाड़ा जतरा शक्ति खूंटा में पाहन एवं सरना समाज के सम्मानित लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु व राष्ट्रहित में उनके सतत नेतृत्व के लिए पूजा-अर्चना कर मंगलकामनाएं कीं। मरांडी ने कहा कि आज देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिनों तक लगातार देश की सेवा कर कीर्तिमान स्थापित किया है।
यह देशवासियों के अटूट विश्वास से संभव हुआ है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पहाड़ी मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव प्रधानमंत्री को सदैव स्वस्थ व जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सफल बनाएं रखें। उनके नेतृत्व में भारत विकसित, आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा द्वारा पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बोकारो के मामरकोदर के शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 गौरवशाली वर्ष राष्ट्रहित, जनकल्याण एवं विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


