सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों के सटीक आंकड़े सदन में रखें : हेमंत सोरेन
विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर सत्ता पक्ष ने तय की रणनीति, मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर सत्ता पक्ष झामुमो, कांग्रेस और राजद ने मंगलवार को डॉ. श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान (एटीआई), रांची में रणनीतिक बैठक की। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की। इस दौरान प्रदेश झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू भी मौजूद रहे। सीएम सोरेन ने सरकार के मंत्रियों से कहा कि सदन में सदस्यों के सवालों का सटीक, सकारात्मक और तथ्यपूर्ण जवाब देने के लिए पूरी तैयारी करके रखें। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाना सत्ता पक्ष की प्राथमिकता है, ताकि जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक बहस हो सके।
उन्होंने विरोधी दल की रणनीति को मद्देनजर रखते हुए मंत्रियों से कहा कि वह सरकार की योजनाओं, परियोजनाओं और कार्यों को लेकर पूरी तैयारी और मजबूती के साथ जवाब दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों के आंकड़ों का सदन में दमदार जबाब जरूरी है। ऊंचे मनोबल के साथ सदन में मौजूद रहेगा सत्ता पक्ष : सुदिव्य कुमार बैठक के बाद नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सत्ता पक्ष का मनोबल इस समय बेहद ऊंचा है। घाटशिला उपचुनाव में मिली अभूतपूर्व जीत, सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर करीब 9,000 नियुक्ति पत्रों का वितरण और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा परिणाम जारी करने का हाईकोर्ट का आदेश-इन सभी वजहों ने झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन को मजबूत आधार दिया है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष सदन में उत्साह और ठोस तैयारी के साथ मौजूद रहेगा। सकारात्मक और सटीक जवाब दिया जाएगा : मथुरा महतो झामुमो के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि सत्ता पक्ष ने शीतकालीन सत्र के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है। विपक्ष के प्रत्येक सवाल का सकारात्मक और सटीक जवाब दिया जाएगा। हमारी प्राथमिकता सदन को सुचारू रूप से चलाना है और हमें उम्मीद है कि विपक्ष भी सकारात्मक सहयोग देगा। राज्य के विकास और जनसरोकार पर फोकस : के राजू कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि सत्र में किन मुद्दों को प्राथमिकता देनी है, इस पर विस्तृत चर्चा हुई। सरकार अपनी उपलब्धियों को दमदार तरीके से प्रस्तुत करेगी। हाल के दिनों में हमारी सरकार पर जिन मुद्दों पर हमले हो रहे हैं, उनका सदन में मजबूती से जवाब दिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि केंद्र के समक्ष रखी गई झारखंड की मांग सरना धर्म कोड पर मजबूती से बात होगी। दिल्ली भी जाएंगे। हमारा फोकस राज्य के विकास और जनसरोकारों वाले मुद्दों पर रहेगा। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि भाजपा जनसरोकार के मुद्दे पर नहीं, बल्कि राज्य के विकास को बाधित करने की मंशा से सदन में हंगामा करती है। लेकिन, सत्ता पक्ष का एक ही उद्देश्य है राज्य का समग्र विकास। सभी मंत्री अपनी पूरी तैयारी के साथ सदन में मौजूद रहेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



