रांची में 22 से 4 सितंबर तक सेना भर्ती रैली, उपायुक्त ने तैयारियों का लिया जायजा
झारखंड में 2025-26 की सेना भर्ती रैली 22 अगस्त से 4 सितंबर तक रांची में आयोजित की जाएगी। रांची उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें भर्ती की तैयारियों पर चर्चा हुई। कर्नल विकास भोला ने युवाओं को...

रांची, संवाददाता। झारखंड राज्य के लिए वर्ष 2025-26 की सेना भर्ती रैली 22 अगस्त से 4 सितंबर तक रांची में आयोजित होगी। इस संबंध में रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित सभागार में बैठक हुई। इसमें भर्ती रैली की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्नल विकास भोला ने बताया कि रैली में रांची जिले के युवाओं को सेना में शामिल होने का सुनहरा अवसर मिलेगा। भर्ती स्थल पर विधि व्यवस्था, सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, मेडिकल सुविधाएं, एंबुलेंस आदि की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सुबह 4 बजे से मेडिकल टीम उपलब्ध रहेगी, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएगा, ताकि भर्ती प्रक्रिया सुचारू रूप से चले। मौके पर अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, सिटी एसपी अजीत कुमार, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। बिना आहर्ता नहीं हो सकती है भर्ती, दलालों से दूर रहने की सलाह बहाली निदेशक कर्नल विकास भोला ने उम्मीदवारों को दलालों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सेना भर्ती पूरे पारदर्शिता तरीके से होती है। इसमें कोई भी भर्ती प्रक्रिया की सभी अर्हता पूरी नहीं करता तो उनकी भर्ती किसी भी हालत में नहीं हो सकती। इसलिए, उम्मीदवार दलालों से दूर रहें, उनके किसी भी झांसे में नहीं आएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




