Ranchi News: एएनएम-जीएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा आज
Ranchi News: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की एएनएम-जीएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को होगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू है। परीक्षा के दौरान शांति बनाए रखने के लिए कुछ विशेष दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं।

Ranchi News: रांची। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की एएनएम-जीएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को रांची जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा संबंधी निर्देश
परीक्षा केंद्रों पर असामाजिक तत्वों के जुटने और विधि-व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की है। यह निषेधाज्ञा रविवार की सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगी। निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्र होने पर रोक रहेगी। हालांकि, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इससे मुक्त रखा गया है। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध रहेगा।
निषेधाज्ञा की शर्तें
परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, जैसे बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम और बारूद आदि लेकर चलने पर रोक रहेगी। इसी तरह लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला आदि हरवे-हथियार लेकर चलना भी प्रतिबंधित रहेगा। सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी एवं कर्मचारी इससे मुक्त होंगे।
बैठक या आमसभा की अनुमति नहीं
इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में किसी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने की भी अनुमति नहीं होगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

