पिछले वर्ष के सवालों को हल करें, मॉक टेस्ट की गलतियां सुधारें
जेईई मेन की तैयारी जेईई मेन: अंतिम तीन दिन नई पढ़ाई के बजाय पुनरावलोकन

रांची, वरीय संवाददाता। जेईई मेन सेशन-1 की परीक्षा 21 जनवरी से शुरू होने जा रही है। एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने सिटी इंटिमेशन स्लिप पहले ही जारी कर दी है और एक-दो दिन में एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए जाएंगे। विशेषज्ञों के अनुसार, यह समय पिछले वर्षों के प्रश्न हल करने और मॉक टेस्ट की गलतियों में सुधार का है। ब्रदर्स एकेडमी के निदेशक पारस अग्रवाल का मानना है कि परीक्षा से पूर्व के अंतिम तीन दिन नई पढ़ाई के लिए नहीं होते। यह समय पढ़े गए विषयों के पुनरावलोकन, सूत्रों की स्पष्टता और मानसिक संतुलन बनाए रखने का है।
पहले दिन कमजोर लेकिन पढ़े हुए विषयों, दूसरे दिन मजबूत विषयों के अभ्यास और तीसरे दिन केवल मुख्य तथ्यों व परीक्षा की मानसिक तैयारी पर ध्यान देना चाहिए। गणित: अलजेब्रा का वेटेज अधिक विशेषज्ञों के अनुसार, गणित में अलजेब्रा का वेटेज अधिक रहता है। इसमें प्रोबेबिलिटी, परम्यूटेशन कॉम्बिनेशन, क्वाड्रेटिक और बायनॉमियल थ्योरम से अधिक सवाल पूछे जाते हैं। कैलकुलस में फंक्शन, लिमिट्स, डेफिनिट इंटीग्रल और डिफरेंशियल इक्वेशन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। वेक्टर-3डी, मैट्रिक्स और डिटरमिनेंट से अपेक्षाकृत आसान सवाल पूछे जाते हैं। भौतिकी: अच्छे अंक दिलाने वाला विषय भौतिकी कम प्रयास में बेहतर अंक दिलाने वाला विषय है। इसमें मॉडर्न फिजिक्स सबसे भरोसेमंद भाग है। फोटो इलेक्ट्रिक इफेक्ट, एटॉमिक स्ट्रक्चर, न्यूक्लियर फिजिक्स और सेमीकंडक्टर से अक्सर सीधे सूत्र आधारित प्रश्न पूछे जाते हैं। साथ ही विद्युत धारा, ओम का नियम और संधारित्र (कैपेसिटर) के संयोजनों का पुनरावलोकन आवश्यक है। रसायन विज्ञान: सबसे निर्णायक विषय केमिस्ट्री को जेईई मेन का सबसे निर्णायक विषय माना जाता है। फिजिकल केमिस्ट्री में मोल कॉन्सेप्ट, एटॉमिक स्ट्रक्चर, थर्मोडायनेमिक्स और इलेक्ट्रोकेमिस्ट्री जैसे अध्याय सूत्रों पर आधारित होने के कारण उपयोगी हैं। इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री में पीरियोडिक टेबल, केमिकल बॉन्डिंग और कोऑर्डिनेशन कंपाउंड से सीधे प्रश्न पूछे जाते हैं, इसलिए पाठ्यपुस्तक का गहन अध्ययन प्रभावी रहता है। इन बातों का रखें ध्यान उन महत्वपूर्ण विषयों और अवधारणाओं के पुनरावलोकन पर ध्यान दें, जिन्हें आप पहले ही पढ़ चुके हैं। इसके लिए एक व्यवस्थित सूची बनाएं। परीक्षा पैटर्न को समझने और प्रश्नों के प्रकारों को जानने के लिए पिछले वर्षों के जेईई मेन के प्रश्नपत्रों को अवश्य हल करें। समय प्रबंधन के अभ्यास और सटीकता में सुधार के लिए परीक्षा जैसी स्थितियों के बीच मॉक टेस्ट दें। उन विषयों के दोहराव में अतिरिक्त समय बिताएं जो आपको चुनौतीपूर्ण लगते हैं, ताकि कमजोर पक्षों को सुदृढ़ किया जा सके। जिन टॉपिक्स को आपने अब तक नहीं पढ़ा है, उन्हें इस समय न छुएं। इससे भटकाव हो सकता है और आपकी एकाग्रता पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। पर्याप्त आराम करें, पौष्टिक आहार लें और हाइड्रेटेड रहें। मानसिक शांति के लिए गहरी सांस लेने या ध्यान जैसी विश्राम तकनीकों का अभ्यास करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




