Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsJD U President Kheeru Mahto Directs Candidates Submission for Urban Body Elections in Jharkhand
सात दिनों में मुख्यालय को निकाय चुनाव संबंधी सूची भेजें : खीरू महतो

सात दिनों में मुख्यालय को निकाय चुनाव संबंधी सूची भेजें : खीरू महतो

संक्षेप:

निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश स्तर पर कोषांग का गठन करेगा जदयू, होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स में वृद्धि के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन करेगा

Jan 10, 2026 08:02 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश जदयू अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने जिले में लड़ने वाले उम्मीदवार एवं निकाय क्षेत्रों की सूची सात दिनों में प्रदेश मुख्यालय को भेजें। पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक शनिवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में सम्पन्न हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष ने की। इस दौरान कई अहम प्रस्ताव पर सहमति ली गई। इसमें मजबूती के साथ निकाय चुनाव लड़ने, विभिन्न निकाय क्षेत्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार, होल्डिंग टैक्स व वाटर टैक्स में वृद्धि के विरुद्ध जिला मुख्यालय एवं प्रखंडों में एक दिवसीय धरना, निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रदेश स्तर पर कोषांग का गठन, प्रदेश स्तर पर सदस्यता अभियान के प्रभारी की नियुक्ति आदि शामिल है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बैठक में विधायक सरयू राय, पूर्व मंत्री राजा पीटर, पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, श्रवण कुमार, डॉ आफताब जमील, भगवान सिंह, रेणु पन्निकर, शैलेन्द्र महतो, मधुकर सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, पी एन सिंह, सागर कुमार आदि उपस्थित रहे। बैठक में बिहार चुनाव में शानदार जीत एवं वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा नीतीश कुमार का नाम वैश्विक सूची में दर्ज करने पर बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने निकायों में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं जन समस्याओं पर सभी जिलों व प्रखंडों में एक दिवसीय धरना के लिए तिथि निर्धारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने, सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को इसमें भागीदारी सुनिश्चित करने, आगामी एक मार्च को राज्य में नीतीश कुमार के जन्मदिन को धूमधाम से मनाने का निर्देश दिया। विधायक सरयू राय ने कहा कि राज्य स्तर पर सदस्यता प्रभारी की नियुक्ति हो और सभी जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्य करें। निकाय चुनाव के लिए को-आर्डिनेशन की जिम्मेदारी प्रदेश स्तर पर कमेटी गठित कर उसे दें। पेसा कानून को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें सुधार के लिए सरकार को सुझाव दिया जाएगा।