
जयशंकर प्रसाद स्मृति सम्मान की घोषणा, 7 फरवरी को रांची में समारोह
जयशंकर प्रसाद विचार मंच, रांची ने हिन्दी साहित्य, क्षेत्रीय भाषा और कला-संस्कृति के लिए 'जयशंकर प्रसाद स्मृति सम्मान-2026' के विजेताओं की घोषणा की है। प्रेम रंजन अनिमेष, धनेंद्र प्रवाही और महावीर साहू को सम्मानित किया जाएगा। समारोह 7 फरवरी को डीएसपीएमयू में होगा।
रांची, विशेष संवाददाता। जयशंकर प्रसाद विचार मंच, रांची की ओर से हिन्दी साहित्य, क्षेत्रीय भाषा और कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘जयशंकर प्रसाद स्मृति सम्मान-2026’ के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। इस वर्ष हिन्दी साहित्य के लिए रांची के प्रेम रंजन अनिमेष, क्षेत्रीय भाषा के लिए रांची के ही धनेंद्र प्रवाही और कला-संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए गुमला के महावीर साहू का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया तीनों क्षेत्रों के वरिष्ठ साहित्यकारों और विद्वानों की निर्णायक मंडली द्वारा प्राप्त प्रविष्टियों के आधार पर पूरी की गई है। इन मुख्य श्रेणियों के अतिरिक्त अन्य वर्गों में भी विभूतियों का चयन किया गया है।
हिन्दी साहित्य के लिए रामगढ़ की डॉ. शारदा प्रसाद, रांची के डॉ. संजय कुमार और देवघर की इंदु बाला को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, क्षेत्रीय भाषा की विभिन्न श्रेणियों में डॉ. विनोद कुमार, अंबिका स्वांसी और डॉ. अशोक कुमार महतो को चयनित किया गया है। यह सम्मान आगामी 7 फरवरी को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) के सभागार में आयोजित जयशंकर प्रसाद स्मृति समारोह में प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाली हस्तियों को स्मृति चिह्न, सम्मान पत्र, अंग वस्त्र और उपहार भेंट किए जाएंगे। डीएसपीएमयू के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाले इस समारोह में पद्मश्री मुकुंद नायक, पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख, डॉ. अशोक प्रियदर्शी, डॉ. माया प्रसाद, डॉ. कमल बोस और डॉ. पंकज मित्र सहित जयशंकर प्रसाद के वंशज भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




