पर्वतारोही ने छात्राओं को बताए आसमां छूने के सूत्र
सुश्री पी समीरा खान ने महात्मा एनडी ग्रोवर डीएवी पब्लिक स्कूल में एक प्रेरणादायक सत्र में भाग लिया। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व और लैंगिक समानता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उनके साहसिक अनुभवों ने बालिकाओं को सामाजिक बाधाओं को तोड़ने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया।

तमाड़, प्रतिनिधि। अपने प्रभावशाली अभियान मिशन माउंट एवरेस्ट, ग्रामीण बालिका सशक्तीकरण के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास, नेतृत्व तथा लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करने वाली सुश्री पी समीरा खान बुधवार को महात्मा एनडी ग्रोवर डीएवी पब्लिक स्कूल, बुंडू में आयोजित एक प्रेरणादायक सत्र में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सुश्री पी समीरा खान एक साहसी पर्वतारोही, उद्यमी और समाजसेविका हैं। समाजशास्त्र एवं पर्यावरण विज्ञान में स्नातक सुश्री खान ने अपने सीमित संसाधनों से 11 पर्वत शिखरों पर सफलतापूर्वक आरोहण किया है और 37 देशों में साइकिल यात्रा कर अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मनिर्भरता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
बालिकाओं को सशक्त बनाने तथा उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्म-विश्वास विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित यह सत्र अत्यंत प्रभावशाली रहा। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही, जिसने उनके मन-मस्तिष्क पर गहरा प्रभाव छोड़ा। समीरा खान के प्रेरक अनुभवों ने बालिकाओं को सामाजिक बाधाओं को तोड़ने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्राचार्य दीपक कुमार ने मोमेंटो और शॉल प्रदान कर सुश्री खान को सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन एक संवादात्मक सत्र के साथ हुआ। प्राचार्य ने सुश्री समीरा खान के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


