उपायुक्त ने अड़की सीएचसी और आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण
अड़की दौरे के दौरान उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सेवाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। अस्पताल की साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं पर जोर दिया गया। विद्यालय में जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

अड़की, प्रतिनिधि। अड़की दौरे के दौरान शनिवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने अड़की प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय, हुंठ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
सीएचसी अड़की में उपायुक्त ने आपातकालीन मामलों एवं रेफर किए गए मरीजों की समीक्षा करते हुए बिना उचित कारण मरीजों को रेफर नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने वार्ड, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, डिस्पेंसरी और कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। प्रयोगशाला में तकनीशियन के अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित कर्मी से स्पष्टीकरण मांगते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित बायोमेट्रिक उपस्थिति, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
विद्यालय का निरीक्षण
इसके बाद उपायुक्त ने अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय, हुंठ का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। विद्यालय परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमोद राम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


