Ranchi News: जीईईटी से मिला कौशल प्रशिक्षण, तीन विद्यार्थियों का टेक महिंद्रा में चयन
Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। मारवाड़ी कॉलेज में जीईईटी कार्यक्रम के बैच-1 और बैच-2 के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण किट वितरित की गई। प्राचार्य डॉ मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को कौशल विकास और करियर में सुधार के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण में रोजगारपरक कौशल जैसे साक्षात्कार की तैयारी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का समावेश है। अगले बैच की संगोष्ठी 16-18 सितंबर को होगी।

Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। मारवाड़ी कॉलेज में शनिवार को इन्फोसिस फाउंडेशन के सहयोग और लर्नेट स्किल्स लिमिटेड की ओर से संचालित ग्रेजुएट एम्प्लॉयबिलिटी एन्हांसमेंट ट्रेनिंग (जीईईटी) कार्यक्रम के बैच-1 और बैच-2 के विद्यार्थियों के बीच प्रशिक्षण किट का वितरण किया गया। किट का वितरण प्राचार्य डॉ मनोज कुमार ने किया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को जीईईटी प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थी रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित कर अपने करियर को बेहतर दिशा दे सकते हैं। जीईईटी के तहत विद्यार्थियों को व्यावसायिक संवाद, ग्राहक सहभागिता, साक्षात्कार की तैयारी, डिजिटल दक्षता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मात्रात्मक योग्यता जैसे रोजगारपरक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण पूरा करनेवाले तीन विद्यार्थियों का टेक महिंद्रा में चयन हुआ है। वहीं, बजाज फाइनेंस में भी कई विद्यार्थियों के साक्षात्कार आयोजित किए गए।
अगले बैच के लिए संगोष्ठी
अगले बैच से विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए 16 सितंबर को गर्ल्स सेक्शन के कमरा नंबर 32 और 18 सितंबर को बॉयज सेक्शन के डिजिटल क्लासरूम-2 में संगोष्ठी होगी। दोनों दिन दोपहर 12 से 12:30 बजे तक अनुदीप फाउंडेशन की ओर से डाटा एनोटेशन और लाइडार तकनीक पर करियर काउंसिलिंग होगी। इसके बाद 12:30 से एक बजे तक जीईईटी कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसरों से अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम में प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ शुभांकर अईच और सहायक समन्वयक अनुभव चक्रवर्ती उपस्थित थे।


