
रांची में खुला रक्षा संपदा उप कार्यालय, मामले जल्दी निपटेंगे
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची में रक्षा संपदा उप कार्यालय का उद्घाटन किया। यह कार्यालय दानापुर सर्किल के अधीन काम करेगा, जिससे झारखंड में रक्षा भूमि प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा। इससे स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान संभव होगा और सेना की संपत्ति का संरक्षण किया जा सकेगा।
रांची, वरीय संवाददाता। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को रेडियम रोड में रक्षा संपदा उप कार्यालय का उद्घाटन किया। सेठ ने बताया कि यह कार्यालय दानापुर सर्किल (पटना) के अधीन काम करेगा। पहले झारखंड से जुड़े रक्षा संपदा से जुड़े मामलों का निपटारा पटना से होता था। लेकिन अब स्थानीय स्तर पर झारखंड का कार्यालय होने से कार्य जल्दी होगा। कहा कि विकेंद्रीकरण, पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता पर मोदी सरकार स्पष्ट फोकस है। रांची में इस कार्यालय का खुलना टेक्नोलॉजी आधारित जवाबदेह और परिणाम-उन्मुख शासन व्यवस्था का उदाहरण है। इस कार्यालय के शुरू होने से सेना की जमीन और संपत्ति का संरक्षण एवं प्रबंधन होगा।
मिलिट्री लैंड रिकॉर्ड का मेंटेनेंस और डिडिटलाइजेशन होगा। साथ ही अतिक्रमण मुक्त बनाने और संरक्षण की पहल मजबूत होगी। डाटा संधारण और संरक्षण कार्य मजबूत होगा। आधारभूत संरचना मजबूत होने के साथ प्लानिंग हो सकेगी। राज्य के लिए महत्वपूर्ण व दूरदर्शी निर्णय : राज्यपाल राज्यपाल ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्रालय द्वारा रांची में रक्षा संपदा उप-कार्यालय की स्थापना झारखंड के लिए महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णय है। इससे राज्य में रक्षा भूमि प्रबंधन को अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं समयबद्ध बनाया जा सकेगा। पूर्व में राज्य के सभी जिलों एवं सैन्य स्टेशनों की रक्षा भूमि का प्रबंधन दानापुर से होता था। व्यापक क्षेत्राधिकार एवं भौगोलिक दूरी को ध्यान में रखते हुए रांची में उप-कार्यालय की स्थापना से अब रक्षा भूमि से संबंधित मामलों में स्थानीय स्तर पर त्वरित, सरल एवं प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। यह नया उप-कार्यालय राज्य प्रशासन एवं रक्षा प्रतिष्ठानों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करेगा। राज्यपाल ने भारतीय सैनिकों के पराक्रम, साहस और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि हमारे सैनिक न केवल सीमाओं की रक्षा करते हैं, बल्कि आपदा के समय भी समर्पण भाव से सहायता के लिए आगे आते हैं। उनका जीवन ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय की स्थापना के लिए केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ जी एवं रक्षा मंत्रालय की पूरी टीम को बधाई दी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




