ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीझारखंड में बागी नहीं बन पाए जीत-हार का फैक्टर

झारखंड में बागी नहीं बन पाए जीत-हार का फैक्टर

झारखंड में भाजपा को सर्वाधिक वोट शेयर मिले हैं। किसी भी सीट पर भाजपा के बागी प्रभारी नहीं रह पाए। भाजपा से बगावत कर रांची से रामटहल चौधरी, चतरा से राजेंद्र साहू, धनबाद में भाजपा विधायक संजीव कुमार के...

झारखंड में बागी नहीं बन पाए जीत-हार का फैक्टर
हिन्दुस्तान टीम,रांचीSat, 25 May 2019 02:35 AM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड में भाजपा को सर्वाधिक वोट शेयर मिले हैं। किसी भी सीट पर भाजपा के बागी प्रभारी नहीं रह पाए। भाजपा से बगावत कर रांची से रामटहल चौधरी, चतरा से राजेंद्र साहू, धनबाद में भाजपा विधायक संजीव कुमार के छोटे भाई सिद्धार्थ गौतम चुनावी समर में थे। जिन सीटों पर महागठबंधन के अलावे वामपंथी व राजद के उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे, वहां भी मुकाबला भाजपा के पक्ष में रहा।

राज्य में किस पार्टी को कितना वोट प्रतिशत मिला: भाजपा को 50.96 % वोट, कांग्रेस को 15.63%वोट, झामुमो को 11.51%वोट, झाविमो को 5.02 %वोट, आजसू को 4.33%वोट, राजद को 2.42%वोट, बसपा को 1.11 % वोट, टीएमसी को 0.48%वोट, सीपीआई को 0.47 %वोट, सीपीएम को 0.24%वोट, फारवर्ड ब्लॉक को 0.10 %वोट, नोटा को 1.27%वोट मिले।

कहां रहा क्या हाल

कोडरमा: कोडरमा लोकसभा सीट पर अन्नपूर्णा देवी को 62.26 फीसदी मत मिले, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को महज 24.59 फीसदी वोट शेयर से संतोष करना पड़ा। कोडरमा सीट पर तीसरी धुरी बनाने का दावा करने वाले माले विधायक राजकुमार यादव को महज 5.64 फीसदी वोट मिले।

चतरा: चतरा सीट पर भाजपा के सुनील सिंह को 57.03 फीसदी मत मिले। भाजपा से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरने वाले राजेंद्र साहू महज 1.21 फीसदी वोट पा सके। चतरा सीट महागठबंधन में कांग्रेस के खाते में गई थी, कांग्रेस उम्मीदवार मनोज कुमार यादव 16.22 फीसदी मत ला सके। राजद के सुभाष यादव को 9.01 फीसदी मत मिले। यहां हारे हुए सारे प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा पाए।

धनबाद: धनबाद में भाजपा के पीएन सिंह को 66.03 फीसदी मत मिले, जबकि कीर्ति आजाद का वोट शेयर 27.22 फीसदी रहा। भाजपा विधायक संजीव सिंह के भाई व बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे सिद्धार्थ गौतम को 0.76 फीसदी मत मिले।

गिरिडीह: एनडीए ने गिरिडीह सीट आजसू को दी थी। आजसू को यहां 58.57 फीसदी वोट मिले। झामुमो के जगन्नाथ महतो को 36.13 फीसदी वोट मिले।

गोड्डा: गोड्डा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को 53.4 फीसदी वोट मिले। झाविमो के प्रदीप यादव को 37.97 फीसदी वोट मिले।

हजारीबाग: हजारीबाग में भाजपा सांसद जयंत सिन्हा को 67.42 फीसदी वोट मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी महागठबंधन प्रत्याशी गोपाल साहू को महज 23.06 फीसदी वोट मिले। चुनाव में सीपीआई से चुनाव लड़ रहे पूर्व सांसद भुवनेश्वर मेहता को महज 2.97 फीसदी वोट शेयर मिला।

जमशेदपुर: जमशेदपुर में भाजपा सांसद विद्युतवरण महतो को 59.41 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी महागठबंधन उम्मीदवार चंपई सोरेन को 33 फीसदी वोट मिले।

खूंटी: खूंटी में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला रहा। भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा को 45.97 फीसदी वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा को 45.82 फीसदी वोट मिले हैं।

लोहरदगा: लोहरदगा में भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत को 45.45 फीसदी वोट मिले, जबकि कांग्रेस विधायक व महागठबंधन प्रत्याशी सुखदेव भगत का वोट शेयर 44.18 फीसदी रहा। झारखंड पार्टी से चुनाव लड़ रहे पूर्व विधायक देवकुमार धान को महज 2.39 फीसदी वोट मिले।

पलामू: पलामू में भाजपा प्रत्याशी व सांसद बीडी राम को 62.46 फीसदी वोट मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी राजद के महागठबंधन प्रत्याशी घूरन राम को 22.98 फीसदी वोट मिले। बसपा प्रत्याशी अंजना भुईंया को इस सीट पर 4.42 फीसदी मत मिले।

राजमहल: राजमहल सीट पर झामुमो के सांसद विजय हांसदा को 48.47 फीसदी वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू को 39.06 फीसदी मत मिले। सीपीआई के गोपिन सोरेन यहां तीसरे नंबर पर रहे। गोपिन को 3.41 फीसदी मत मिले।

रांची: रांची में भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ को 57.21 फीसदी वोट मिले, जबकि महागठबंधन प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय को 34.3 फीसदी वोट मिले। भाजपा से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे निवर्तमान सांसद रामटहल चौधरी को महज 2.45 फीसदी वोट मिले।

सिंहभूम: सिंहभूम सीट पर महागठबंधन प्रत्याशी गीता कोड़ा को 49.11 फीसदी वोट मिले। भाजपा सांसद व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ को 40.9 फीसदी वोट मिले। पूर्व विधायक व झामुमो उलगुलान से प्रत्याशी कृष्णा मार्डी को महज 0.99 फीसदी वोट मिले।

दुमका: दुमका सीट पर विजय रहे भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन को 47.26 फीसदी वोट मिले, जबकि आठ बारे के सांसद रहे शिबू सोरेन को 42.63 फीसदी वोट मिले। नोटा में यहा 1.4 फीसदी वोट गिरे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें