ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीदेवी भगवती की प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

देवी भगवती की प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

शहर में सादगी से निकली प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा बड़ा तालाब समेत अन्य तालाबों में...

देवी भगवती की प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन
हिन्दुस्तान टीम,रांचीSat, 16 Oct 2021 08:20 PM
ऐप पर पढ़ें

रांची। वरीय संवाददता

राजधानी में शनिवार को दूसरे दिन भी देवी भगवती की प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। शहर के विभिन्न इलाके में स्थित तालाब और कई नदियों में पूजा आयोजन समिति की ओर से पंडाल में स्थापित मां दुर्गा समेत अन्य देवी-देवता की प्रतिमाओं का विसर्जन पूजा, प्रार्थना और क्षमा याचना के साथ किया गया। इस मौके पर मां से फिर आने, महामारी कोरोना वायरस से सभी की सुरक्षा और सुख-सम़़ृद्धि की कामना की गयी। विसर्जन के समय श्रद्धालु भावुक भी हुए और साहस बटोर कर मां से फिर जल्दी आने की प्रार्थना की। इससे पूर्व पूजा पंडालों में देवी दुर्गा को विदायी देते समय खोंईछा भरने की रस्म अदायगी कर रहीं सुहागिनों की आंखे नम हो गयी थीं। उनका कहना था कि जिन भगवती के आगमन से उल्लास का माहौल बना, उन्हें कैसे विदायी दें। सुहागिनों ने साहस जुटा कर पंडाल में विराजीं मां की विदायी में पारम्परिक गीत गाए। मांग में सिंदूर लेने के बाद सभी ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया एवं ढाक की धुन पर जयकारे लगाते हुए प्रतिमाओं के साथ कुछ दूर तक गयीं। जब मूर्ति आंखों से ओझल हो गयीं तो वह वहां से हटीं। उनका कहना था कि कोरोना काल में मां के स्नेह और प्यार में शारदीय नवरात्र की पूजा का उत्सवी माहौल सरकार की गाइड लाइन के बीच निहाल हो गया।

कल भी हुआ था मां की प्रतिमाओं का विसर्जन

शहर में विजयादशमी पर रांची महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति से संबद्ध कई पूजा कमेटी की ओर से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। बिहार क्लब के पास से आरंभ विसर्जन शोभायात्रा कचहरी चौक, न्यू मार्केट चौक, महावीर चौक, गांधी चौक से होकर शहीद चौक पहुंची। यहां से शोभायात्रा अल्बर्ट एक्का चौक से होकर काली स्थान चौक तक गयी। यहां से विसर्जन शोभायात्रा जैन मंदिर मार्ग, टेलीफोन एक्सचेंज से होकर बड़ा तालाब पहुंची। जहां विधान के साथ देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। एचईसी के धुर्वा डैम में भी प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। रांची महानगर औद्योगिक क्षेत्र दुर्गा पूजा समिति की देखरेख में एचईसी एवं इसके आसपास के इलाके में 36 पूजा कमेटी की ओर से स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ।

इनकी रही भागीदारी

प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के सफल आयोजन में रांची महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति के संयोजक डॉ अजीत सहाय, रामधन वर्मन, प्रदीप राय बाबू, राजकिशोर, राजन वर्मा, रवींद्र वर्मा, संजय सिन्हा, अमित सोनी समेत अन्य शामिल थे। दुर्गा पूजा ग्रामीण के अध्यक्ष तपेश्वर केसरी, वीरेंद्र साहू के नेतृत्व में ग्रामीण इलाके में प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। रांची जिला दुर्गा पूजा समिति की ओर से प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा अध्यक्ष अशोक पुरोहित, मुनचुन राय, विनय सरावगी, अशोक चौधरी समेत अन्य के नेतृत्व में निकली।

बड़ा तालाब पर हुआ अभिनंदन

स्टूडेंट फेडरेशन की ओर से शनिवार को बड़ा तालाब के पास सभी समितियों के पदधारियों व सदस्यों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। समिति की ओर से सभी को चुनरी भेंट की गयी और माला पहनाया गया। कार्यक्रम के आयोजन में राजीव रंजन मिश्रा, राजेश गुप्ता छोटू, जय सिंह यादव, लंकेश सिंह , राहुल सिन्हा, पीयूष आनंद, मुकेश कंचन, राकेश सिंह, रजनीश पांडेय, प्रेम वर्मा, मनीष साहू, उपेन्द्र रजक, अंकित सिंह, इंदर सिंह, रंजीत चौरसिया, प्रकाश पाल समेत अन्य की भागीदारी रही।

एनडीआरएफ-रैफ की टीम थी तैनात

बड़ा तालाब पर एहतियात तौर पर एनडीआरएफ की टीम और रैफ के जवान तैनात थे। एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर सरोज कुमार ने बताया कि मुख्य विसर्जन स्थल पर तालाब में जवान बोट के साथ तैनात थे। वहीं गहरे जलस्तर से आगे नहीं जाने देने को लेकर श्रद्धालुओं के लिए पानी में चेतावनी पट्टी लगायी गयी थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें