आईआईएम रांची में 1.2 करोड़ का सबसे बड़ा पैकेज ईएमबीए के छात्र ने किया हासिल
रांची, विशेष संवाददाता। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), रांची ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए अंतिम प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी की है। इस वर्ष का सबसे बड़ा पैकेज 1.2 करोड़ रुपये का रहा। 96 कंपनियों ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग लिया। एमबीए, एमबीए-एचआरएम और एमबीए-बीए में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला।

रांची, विशेष संवाददाता। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), रांची ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए अंतिम प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी कर दी है। संस्थान ने प्लेसमेंट में नया कीर्तिमान बनाया है। इस वर्ष का सबसे बड़ा पैकेज एग्जीक्यूटिव एमबीए (ईएमबीए) 2024-26 समर बैच के छात्र ने हासिल किया है। चयनित छात्र का 1.2 करोड़ रुपये का वार्षिक पैकेज रहा, जो एक लीडरशिप भूमिका के लिए मिला है। एमबीए, एमबीए-ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (एचआरएम) और एमबीए-बिजनेस एनालिटिक्स (बीए) पाठ्यक्रमों के प्लेसमेंट में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला। इस वर्ष उच्चतम घरेलू सीटीसी में पिछले वर्ष की तुलना में 4.19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कुल 96 कंपनियों ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों को अवसर प्रदान किए। विद्यार्थियों को देश के अलावा बहुराष्ट्रीय कंपनियों में भी नियुक्ति के अवसर मिले हैं。
फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट
फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट संस्थान के निदेशक प्रो दीपक कुमार श्रीवास्तव और कॉरपोरेट रिलेशंस चेयरपर्सन प्रो राजीव वर्मा की उपस्थिति में जारी की गई। प्रो दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष विद्यार्थियों की संख्या में पिछले बैच की तुलना में 31.15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। साथ ही, 75 प्रतिशत विद्यार्थियों के औसत सीटीसी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। कॉरपोरेट रिलेशंस टीम ने इस सत्र में 53 नई कंपनियों का दौरा कर उन्हें संस्थान से जोड़ा, जबकि 70 से अधिक इंडस्ट्री लीडर्स ने कैंपस में लीडरशिप टॉक दिए।
एमबीए प्रोग्राम में प्लेसमेंट
एमबीए प्रोग्राम में प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल विद्यार्थियों में 72.83 प्रतिशत फ्रेशर और 42.93 प्रतिशत छात्राएं थीं। कुल 60 कंपनियों ने एमबीए विद्यार्थियों को प्लेसमेंट ऑफर दिए। इस प्रोग्राम में उच्चतम पैकेज 52.50 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा, जबकि टॉप 25 प्रतिशत छात्रों का औसत पैकेज 24.83 लाख रुपये रहा। एमबीए का कुल औसत पैकेज 19.24 लाख रुपये दर्ज किया गया। वहीं, 22.35 प्रतिशत विद्यार्थियों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) मिला, जिनका औसत पैकेज 19.28 लाख रुपये रहा। समर इंटर्नशिप प्रोग्राम (एसआईपी) में वजीफा में 23.12 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो औसतन 3.69 लाख रुपये तक पहुंच गया।
एमबीए-एचआरएम प्रोग्राम
एमबीए-एचआरएम प्रोग्राम में 40.54 प्रतिशत विद्यार्थियों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर प्राप्त हुए। इन ऑफरों का औसत पैकेज 18.86 लाख रुपये रहा। इस प्रोग्राम में उच्चतम पैकेज 22.75 लाख रुपये और टॉप 25 प्रतिशत विद्यार्थियों का औसत पैकेज 20.95 लाख रुपये रहा। कुल औसत पैकेज 17.74 लाख रुपये दर्ज किया गया। एमबीए-बिजनेस एनालिटिक्स प्रोग्राम में इस वर्ष उच्चतम पैकेज में 22.16 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस प्रोग्राम के विद्यार्थियों को बैंकिंग, स्ट्रैटेजी एंड कंसल्टिंग, आईटी एंड एनालिटिक्स, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस और फिनटेक सेक्टर्स में प्लेसमेंट मिला। उच्चतम पैकेज 32.13 लाख रुपये रहा, जबकि टॉप 25 प्रतिशत छात्रों का औसत पैकेज 27.81 लाख रुपये और कुल औसत पैकेज 20.99 लाख रुपये रहा। इस प्रोग्राम में 13.16 प्रतिशत विद्यार्थियों को पीपीओ प्राप्त हुआ।
प्लेसमेंट में भाग लेने वाली कंपनियां
प्लेसमेंट में आईटी एंड आईटीईएस, बीएफएसआई, कंसल्टिंग, लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन, डिफेंस और ऑटोमोटिव सेक्टर की प्रमुख कंपनियों ने भाग लिया। अमेजन, सैप लैब्स, डीई शॉ, जेपी मॉर्गन चेज, वेल्स फर्गो, एचएसबीसी, आदित्य बिड़ला ग्रुप, नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, डेलॉइट, एसेंचर, मारूती सुजुकी और कॉग्नीजेंट जैसी कंपनियों ने कैंपस में भर्ती की।
क्यूएस एग्जीक्यूटिव एमबीए रैंकिंग
आईआईएम रांची ने हाल ही में क्यूएस एग्जीक्यूटिव एमबीए रैंकिंग 2026 में अपनी जगह बनाकर वैश्विक स्तर पर पहचान हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ संस्थान ने एग्जीक्यूटिव एमबीए (ईएमबीए) 2026-28 समर बैच के लिए नामांकन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिसमें इच्छुक प्रोफेशनल्स से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्रश्नोत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


