Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsIIM Ranchi s Annual Fest Rush 11 0 Kicks Off with Exciting Sports and Cultural Events
रश 11.0 का आगाज, खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कैंपस  गुलजार

रश 11.0 का आगाज, खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कैंपस गुलजार

संक्षेप:

आईआईएम रांची के वार्षिक महोत्सव 'रश 11.0' की शुरुआत शनिवार को हुई। पहले दिन खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बॉक्स क्रिकेट, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों में प्रतिभागियों ने भाग लिया। सांस्कृतिक संध्या में स्टैंड-अप कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ की प्रस्तुति के साथ 'हाई नोट' बैंड ने समापन किया।

Feb 07, 2026 06:38 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची, विशेष संवाददाता। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), रांची के वार्षिक महोत्सव ‘रश 11.0- रेंडरिंग द फ्यूचर’ की शनिवार को भव्य शुरुआत हुई। महोत्सव के पहले दिन खेल स्पर्धाओं, बौद्धिक प्रतिस्पर्धाओं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा संगम देखने को मिला, जिससे पूरा संस्थान परिसर उत्साह से भर उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ हुआ। बॉक्स क्रिकेट, बास्केटबॉल, फुटसल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और शतरंज जैसे खेलों में राज्यभर के प्रतिभागियों ने अपना दमखम दिखाया। बॉक्स क्रिकेट में एनआईटी जमशेदपुर और आईआईएम रांची की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई, जबकि बास्केटबॉल और फुटसल के मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वॉलीबॉल कोर्ट पर गोस्सनर कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, एमिटी यूनिवर्सिटी और मेजबान आईआईएम रांची के बीच कड़े मुकाबले हुए। वहीं, टेबल टेनिस और शतरंज में विद्यार्थियों ने अपनी एकाग्रता और रणनीतिक कौशल का परिचय दिया। शाम होते ही उत्सव का केंद्र खेल के मैदान से सांस्कृतिक मंच की ओर स्थानांतरित हो गया। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत चर्चित स्टैंड-अप कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू) की हास्य प्रस्तुति से हुई। उनकी चुटीली शैली और सटीक टाइमिंग पर दर्शक दीर्घा ठहाकों से गूंज उठी। इसके बाद ‘नीराजोमैटिक’ की संगीतमय प्रस्तुति ने समां बांध दिया। कार्यक्रम का समापन आईआईएम रांची के अपने बैंड ‘हाई नोट’ की दमदार परफॉर्मेंस के साथ हुआ, जिसकी धुनों पर विद्यार्थी देर रात तक झूमते रहे। इस महोत्सव में बड़ी संख्या में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने शिरकत की।