
आईएचएम रांची के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के पहले चरण में दर्ज की शानदार सफलता
रांची स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) ने बीएससी इन हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन के 2023-26 बैच के लिए पहले चरण की कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया। 102 आवेदकों में से 77 विद्यार्थियों का चयन ताज, आईटीसी, महिंद्रा, और अन्य 12 संगठनों द्वारा किया गया। सोडेक्सो इंडिया ने सबसे अधिक ₹8 लाख का पैकेज दिया।
रांची, विशेष संवाददाता। होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) रांची ने बीएससी इन हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन (जेनयू, नई दिल्ली) के 2023-26 बैच के लिए कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के प्रथम चरण का आयोजन किया। इसमें तीसरे वर्ष के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ताज होटल्स, आईटीसी होटल्स, द ओबेरॉय ग्रुप, द पार्क होटल्स, सोडेक्सो इंडिया, रोसिएट होटल्स, महिंद्रा हॉलीडे रिज़ॉर्ट्स, एनकैल्म हॉस्पिटैलिटी प्रा. लि., मेफेयर होटल्स एंड रिजॉर्ट्स, दिल्ली ड्यूटी फ्री (जीएमआर ग्रुप), कनॉट प्लाजा रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड और डॉल्फिन होटल्स (रामोजी फिल्म सिटी, हैदराबाद) सहित 12 प्रतिष्ठित संगठनों से प्लेसमेंट ऑफर प्राप्त किए। पहले दौर में कुल 102 आवेदकों में से 77 विद्यार्थियों का चयन मैनेजमेंट ट्रेनी, एग्जीक्यूटिव डेवलपमेंट प्रोग्राम ट्रेनी व अन्य परिचालन और पर्यवेक्षी पदों के लिए किया गया।
मोहम्मद तारिक अजीज को देश के सबसे प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में से एक ओबेरॉय सेंटर ऑफ लर्निंग एंड डेवलपमेंट (ओसीएलडी) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। सबसे अधिक वार्षिक पैकेज ₹8 लाख का रहा, जो सोडेक्सो इंडिया की ओर से दिया गया। सोडेक्सो इंडिया ने हर्ष वर्मा, प्रेम तुषार, रूपेश साहू, सुमित सिन्हा, आयुषी श्रेस्था मेहता, रनु कुमारी सिंह, आयुष कुमार, शैलेश राय, शिवम कुमार सिंह व मानव कुमार झा को मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में चयनित किया। एनकैल्म हॉस्पिटैलिटी ने आदित्य कुमार सिंह और प्रत्यूष राज को अपने प्रीमियम एयरपोर्ट लाउंज के लिए- अतिथि मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में चुना। महिंद्रा होटल्स एंड रिजॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड ने नेहा कुमारी, प्रफुल तिग्गा, मोहम्मद तारिक अज़ीज़, सिद्धार्थ घोष, असजद हबीब और मधुसूदन मरांडी को मैनेजमेंट ट्रेनी पदों के लिए चयनित किया। भर्तीकर्ताओं ने विद्यार्थियों के पेशेवर व्यवहार, उद्योग-तत्परता और मजबूत बुनियादी प्रशिक्षण की सराहना की और संकाय की मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि आईएचएम रांची ने छात्रों को वैश्विक हॉस्पिटैलिटी मानकों के अनुरूप तैयार किया है। संस्थान लगातार शत-प्रतिशत प्लेसमेंट रिकॉर्ड बनाए हुए है और इसके पूर्व छात्र भारत सहित अमेरिका, कतर और दुबई जैसे देशों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरा चरण जनवरी 2026 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें अमेरिका और मध्य पूर्व की अंतरराष्ट्रीय कंपनियां और भारत के प्रमुख होटल और रिटेल चेन भाग लेंगी। आईएचएम, रांची के प्राचार्य डॉ भूपेश कुमार ने कहा कि आईएचएम रांची विश्वस्तरीय हॉस्पिटैलिटी शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवसरों के लिए तैयार करता है। डॉ कुमार ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य सिर्फ अकादमिक ज्ञान देना नहीं है, बल्कि कार्यशाला, प्रशिक्षण सत्र और उद्योग सहयोग के माध्यम से उनके कौशल को निरंतर निखारा जाता है, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और सफलता के नए मार्ग खुलते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




