इग्नू क्षेत्रीय केंद्र में रक्तदान शिविर आयोजित
रांची में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र द्वारा विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में इग्नू के शिक्षार्थियों और अधिकारियों ने भाग लिया और स्वैच्छिक रक्तदान किया। डॉ एस मोहंती ने रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र सौंपकर उनकी सराहना की और नियमित रक्तदान की आवश्यकता पर बल दिया।

रांची, विशेष संवाददाता। विश्व रक्तदाता दिवस पर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) क्षेत्रीय केंद्र, रांची की ओर से शनिवार को क्षेत्रीय केंद्र परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मधुसूदन ट्रस्ट ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित इस रक्तदान शिविर में इग्नू के शिक्षार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों व आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। इग्नू की ओर से हर वर्ष 14 जून को मनाए जाने वाले विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर, व्याख्यान, वेबिनार व जागरुकता अभियानों सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में रक्तदान जैसे मानवीय और पुण्य कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है।
शिविर में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र रांची के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक व प्रमुख डॉ एस मोहंती, सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ रागिनी कुमारी, सहायक रजिस्ट्रार राजेश मोहन सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की सहभागिता रही। कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रशंसा-पत्र प्रदान किया गया।डॉ एस मोहंती ने सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र सौंपते हुए उनके योगदान की सराहना की और कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


