
रांची में आठ और नौ को सीए विद्यार्थियों की मेगा कॉन्फ्रेंस होगी
रांची में 8 और 9 नवंबर को दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा सीए छात्रों के लिए एक मेगा कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। इसमें 600 से अधिक छात्र भाग लेंगे और विभिन्न विषयों पर अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में विशेषज्ञ मार्गदर्शन और इंटरएक्टिव सेशन्स भी होंगे।
रांची, संवाददाता। दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की बोर्ड ऑफ स्टडीज ऑपरेशन 8 व 9 नवंबर को रांची के सीसीएल कन्वेंशन सेंटर में सीए छात्रों के लिए दो दिनी मेगा कॉन्फ्रेंस करेगा। रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अभिषेक केडिया और रांची सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए दिलीप कुमार ने मंगलवार को आईसीएआई भवन में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देश भर से 600 से अधिक सीए छात्र-छात्राएं भाग लेंगी। सम्मेलन का उद्देश्य इन्हें सीखने, शोध और विचार साझा करने का मंच देना है। कॉन्फ्रेंस में विद्यार्थी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी, फाइनेंस एंड रिपोर्टिंग, कैपिटल मार्केट्स, डायरेक्ट टैक्स और जीएसटी आदि विषयों पर अपने शोधपत्र पेश करेंगे।

देशभर से आए विशेषज्ञ सीए विजय गुप्ता, सीए शुभम केशवानी, सीए जय चावला, भंवर बोराणा, पार्थ वर्मा, ईशा जायसवाल, हरप्रीत कौर होरा, राजन काबरा और साक्षी जैन इन विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में आईसीएआई बोर्ड ऑफ स्टडीज ऑपरेशन के उपाध्यक्ष सीए संजीब सांघी, सेंट्रल काउंसिल सदस्य ज्ञान चंद्र मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। वे शिक्षा, प्रशिक्षण और परीक्षा प्रणाली में हो रहे नवीन सुधारों पर जानकारी देंगे। कार्यक्रम में इंटरएक्टिव सेशन्स, प्रेरक व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां भी होंगी। प्रेस वार्ता में सीए हर्ष वर्मा, सीए अनूप कुमार, उपाध्यक्ष ऋषि बरुवा, सचिव अक्षत कुमार समेत अन्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




