ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीबड़े नेता का बेटा हूं, बढ़ा देंगे परेशानी

बड़े नेता का बेटा हूं, बढ़ा देंगे परेशानी

झारखंड यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट, आपने शायद यह नाम भी नहीं सुना होगा पर इसके अध्यक्ष का नेम प्लेट कार लगाकर एक रौब गांठते एक युवक को पुलिस ने सोमवार को दबोच लिया। न्यूक्लियस मॉल के पास ट्रैफिक पुलिस...

बड़े नेता का बेटा हूं, बढ़ा देंगे परेशानी
हिन्दुस्तान टीम,रांचीTue, 05 Dec 2017 12:44 AM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट, आपने शायद यह नाम भी नहीं सुना होगा पर इसके अध्यक्ष का नेम प्लेट कार लगाकर एक रौब गांठते एक युवक को पुलिस ने सोमवार को दबोच लिया। न्यूक्लियस मॉल के पास ट्रैफिक पुलिस ने जैसे ही कार को रोका तो उसमें बैठे युवक ने रौब दिखाना शुरू कर दिया।

बोला, तुम जानते नहीं हो...हम एक बड़े नेता के बेटा हैं। गुस्सा मत दिलाओ...नहीं तो तुम्हारी परेशानी बढ़ देंगे। गाड़ी मत रोको जाने दो। हालांकि जवान उसके रोब-दाब में नहीं आए और उन्होंने कार चालक से कहा कि नंबर प्लेट की जगह पर नेम प्लेट नहीं लगाना है। यह यातायात नियम का उलंघन है। इसे तुरंत हटाएं, तभी गाड़ी जाने दी जाएगी। यह सुनने के बाद चालक आक्रोशित हो गया और ट्रैफिक पुलिस के साथ उलझ गया। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बकझक भी हुई।

क्या है पूरा मामला

चालक ने अपने वाहन के नंबर प्लेट की जगह पर झारखंड यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट का बोर्ड लगा रखा था। कार के आगे और पीछे दोनों जगह यह बोर्ड लगा था। इसे देखकर ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोका।

326 वाहनों से एक लाख से अधिक वसूला गया जुर्माना

राजधानी की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नियम का उलंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी के तहत ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के लिए शहरभर में सघन अभियान चलाया। ट्रैफिक पुलिस ने दर्जनों आटो की धर-पकड़ की। दोपहिया वाहनों में बिना हेलमेट चलने वालों से ट्रैफिक पुलिस ने न सिर्फ जुर्माना वसूला, बल्कि उन्हें सजा के तौर पर कंपोजिट कंट्रोल रूम में फिल्म भी दिखाई ताकि वे वाहन का परिचालन करते समय नियम का पालन करें। शहर के विभिन्न इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 326 वाहनों से एक लाख नौ हजार चार सौ रुपए बतौर जुर्माना वसूला।

37 आॉटो व पांच ई रिक्शा जब्त

पुलिस की ओर से बिना परमिट के आटो चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसके तहत शहर के विभिन्न इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने बिना परमिट के 37 आटो व पांच ई रिक्शा को भी पकड़ा। सभी वाहनों को ट्रैफिक थाने में रखा गया है।

283 चालकों को हिदायत देकर छोड़ा

यातायात नियम का उलंघन करने वालों को मोटर साइकिल स्क्वॉड ने 283 वाहनों को पकड़ा। इसके बाद वाहन चालकों की काउंसिलिंग और आगे नियम न तोड़ने की हिदायत देकर छोड़ा गया। ट्रैफिक पुलिस ने नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों पर भी कार्रवाई की। पुलिस की टीम ने 44 वाहनों को नो पार्किंग जोन में पकड़ा और रॉंग पार्किंग की रसीद चिपकाया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें