कांग्रेस को माओवादी पार्टी बताने पर कार्यक्रम छोड़ निकले डॉ अंसारी

Feb 28, 2026 07:37 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची के सदर अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के विवादास्पद बयान से राजनीतिक तनाव उत्पन्न हुआ। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नाराज होकर मंच छोड़ा। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र ऐसे बयान देगा तो राज्य सरकार नि:शुल्क टीका नहीं लेगी। 14 वर्ष की बालिकाओं को यह टीका मुफ्त मिलेगा।

कांग्रेस को माओवादी पार्टी बताने पर कार्यक्रम छोड़ निकले डॉ अंसारी

रांची, संवाददाता। सदर अस्पताल में शनिवार को हुए राज्य स्तरीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण के शुभारंभ कार्यक्रम में हैरान करने वाली स्थिति दिखी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव भाषण प्रसारित किया गया। इसमें पीएम द्वारा कांग्रेस को इंडियन माओवादी कांग्रेस बता दिया गया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ मंच पर मौजूद स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने यह सुनते ही साउंड म्यूट करा दिया। लेकिन सेठ ने साउंड ऑन करा दिया। उस वक्त भी पीएम ने मुस्लिम लीग को लेकर बयान दिया। इससे नाराज होकर डॉ अंसारी मंच छोड़कर बीच कार्यक्रम से निकल गए। बाहर आकर उन्होंने मीडिया से कहा कि सभी मंच को राजनीतिक नहीं बनाना चाहिए।

मैं उनके बयान की निंदा करता हूं। इससे पहले संजय सेठ और डॉ इरफान अंसारी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। केंद्र से टीका नहीं लेने की बात कही मीडिया से डॉ अंसारी ने कहा, केंद्र यदि इस तरह के बयान देगा तो हम केंद्र से नि:शुल्क एचपीवी का टीका नहीं लेंगे। राज्य सरकार अपने पैसे से टीका खरीदकर बच्चियों को दिलाएगी। वहीं, सेठ बोले, प्रधानमंत्री के भाषण को बीच में म्यूट कराना उचित नहीं था। यह संस्कार की बात है। कहा कि यह देशवासियों के लिए इतना बड़ा उपहार है, इसका अभिनंदन करना चाहिए। 14 वर्ष की बालिकाओं को नि:शुल्क मिलेगा इस घटना से पहले संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ अंसारी बोले, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर रोग है। इसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण है। उन्होंने कहा, राज्य में 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं को यह टीका नि:शुल्क दिया जाएगा। मार्च-अप्रैल से तीन माह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद इसे नियमित किया जाएगा। चिकित्सकों की कमी जल्द दूर करने का आश्वासन स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि निजी अस्पतालों में इस टीके की एक खुराक लगभग 4,000 रुपये की है, लेकिन राज्य सरकार इसे सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क दे रही है। डॉ अंसारी ने राज्य में चिकित्सकों की कमी जल्द दूर करने, बड़े पैमाने पर बहाली करने तथा सभी जिलों में एप्लास्टिक एनीमिया की जांच शुरू करने की घोषणा की। बेटियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य पर दोहरी पहल : सेठ संजय सेठ बोले, प्रधानमंत्री की सोच के अनुरूप देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण एक महत्वपूर्ण और दूरगामी पहल है। यह टीका सुरक्षित, प्रभावी और भविष्य में कैंसर की रोकथाम में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि रांची में नया मानसिक स्वास्थ्य केंद्र निमहांस टू खोला जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।