मुरहू में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
मुरहू में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमुख एलिस ओडेया और अन्य अधिकारियों ने किया। 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को टीका लगाया जा रहा है। चिकित्सा प्रभारी डॉ तिग्गा ने वैक्सीन के लाभों और सुरक्षा पर जोर दिया।

मुरहू, प्रतिनिधि। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से जिला स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरहू में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमुख एलिस ओडेया, बीडीओ रणजीत कुमार सिन्हा, उप प्रमुख अरुण साबू, मुखिया ज्योति ढोडराय एवं जिला परिषद सदस्या नेलानी देमता ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर चिकित्सा प्रभारी डॉ आशुतोष तिग्गा ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। यह टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में सहायक होगा। टीकाकरण के प्रति जागरुकता पर जोर:डॉ तिग्गा ने वैक्सीन की सुरक्षा, महत्व और इसके दीर्घकालिक लाभों की जानकारी देते हुए लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
उन्होंने बताया कि यह अभियान सीएचसी मुरहू सहित जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चलाया जा रहा है। बीडीओ रणजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने के लिए मेडिकल टीम, जनप्रतिनिधि और प्रशासन के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने टीकाकरण को गंभीर बीमारियों की रोकथाम का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम के दौरान टीकाकरण करा चुकी बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। मौके पर समाजसेवी बबलू खान, एएनएम, सीएचओ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


