
बेड़ो में कुदाल से मारकर पत्नी की हत्या, गिरफ्तार
बेडो थाना क्षेत्र के पाकलमेड़ी गांव में पति ने अपनी पत्नी नीलम देवी की हत्या कर दी। नीलम सब्जी साफ कर रही थी, तभी पति अमित कुमार महतो ने तेज धारदार हथियार से हमला किया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मृतका के परिवार ने न्याय की मांग की है।
बेड़ो, प्रतिनिधि। बेड़ो थाना क्षेत्र के पाकलमेड़ी गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पति ने अपनी पत्नी 28 वर्षीय नीलम देवी की तेज धारदार हथियार और कुदाल से वार कर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। हत्या के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका अपने घर के आंगन में साप्ताहिक बाजार के लिए सब्जी साफ कर रही थी, तभी आरोपी पति अमित कुमार महतो उर्फ़ बल्लू अचानक पहुंचा और हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पहले भी मिल चुकी थी प्रताड़ना की शिकायत: मृतका के भाई कन्हैया कुमार ने लिखित शिकायत में पति, ससुर और सास पर प्रताड़ना, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि नीलम को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था और इसको लेकर गांव में कुछ दिन पूर्व में एक सामाजिक बैठक भी हुई थी। जांच में जुटी फोरेंसिक टीम: घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव, सब इंस्पेक्टर अनिल टोप्पो और एएसआई अक्षय कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और शव बरामद किया पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कार्य में जुटी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि पुलिस हर पहलू पर गहराई से जांच कर रही है। परिजनों में आक्रोश, न्याय की मांग: घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर उत्तम उपाध्याय, नरकोपी थाना प्रभारी नागेश्वर साव, इटकी थाना प्रभारी मनीष कुमार समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं गुड़ू बाजपुर से मारुति मंगल परिवार संगठन के पदाधिकारी भी पहुंचे और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं मृतका अपने पीछे 6 वर्षीय पुत्र चंदन और 8 वर्षीय पुत्री रानी को छोड़ गई है। दोनों स्थानीय सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। नीलम के मायके रातू के तिगरा टिकराटोली में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के पिता ब्रजेश महतो, मां उर्मिला देवी और बहनों ने कहा कि नीलम परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी और बड़े अरमान से उसकी शादी की गई थी। परिवार ने इस निर्मम हत्या के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




