Ranchi News: पिठौरिया में श्रद्धा और उल्लास से निकाली ऐतिहासिक रथयात्रा
Ranchi News: पिठौरिया में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की ऐतिहासिक रथयात्रा हुई। हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्य पुजारी ने विशेष पूजा अर्पित की और रथ निकालने के दौरान भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Ranchi News: कांके, प्रतिनिधि। पिठौरिया में वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा के तहत गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की ऐतिहासिक रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा में पिठौरिया सहित आसपास के विभिन्न गांवों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। शाम करीब छह बजे मुख्य पुजारी जगन्नाथ मिश्रा (रंथु) ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा और महाभोग अर्पित किया। महाआरती के बाद भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा का रथ पिठौरिया चौक स्थित मौसीबाड़ी के लिए रवाना हुआ।
श्रद्धालुओं ने ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष के बीच पूरे उत्साह के साथ रथ खींचा। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, शंखध्वनि और घंटियों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।रथयात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष विष्णु साहू के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय लोगों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशासन के सहयोग और स्वयंसेवकों की व्यवस्था से रथयात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुई। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, प्रशासन और सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार जताया।


