हिन्दी हमारी सांस्कृतिक चेतना का आधार: रामनिवास
रांची में 'हिन्दी साहित्य भारती' की कार्यसमिति की बैठक हुई, जिसमें संगठन की दिशा, संरचना और कार्ययोजना पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि रामनिवास शुक्ल ने हिन्दी को सांस्कृतिक चेतना का आधार बताया। अध्यक्ष अजय राय ने सक्रियता और अनुशासन पर जोर दिया। बैठक में सुझाव आमंत्रित किए गए।

रांची, वरीय संवाददाता। हिन्दी भाषा, साहित्य और संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 'हिन्दी साहित्य भारती', झारखंड प्रदेश की कार्यसमिति की बैठक रविवार को लालपुर स्थित एक होटल में हुई। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन की आगामी दिशा, संरचना और कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य अतिथि सह राष्ट्रीय महामंत्री रामनिवास शुक्ल ने संगठन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों का विवरण साझा किया। उन्होंने कहा, हिन्दी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का सशक्त आधार है। वर्तमान समय की मांग है कि संगठन को गांव और जिले स्तर तक सक्रिय किया जाए।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि नियमित अंतराल पर बैठकें, सक्रिय जिला इकाइयां और अनुशासित कार्यप्रणाली ही संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती हैं। उन्होंने भविष्य में मासिक ऑनलाइन और प्रत्यक्ष बैठकों की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया। वहीं, प्रदेश प्रभारी डॉ. अरुण कुमार सज्जन ने संगठन की वैचारिक प्रतिबद्धता और दीर्घकालिक रणनीति पर विचार रखे। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से संगठन के विस्तार हेतु सुझाव भी आमंत्रित किए। इस अवसर पर राजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, देवानंद राय, आलोक झा, वीर बहादुर सिंह, प्रीत यादव, सुकुमार झा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



