एचईसी कामगारों से उत्पादन बढ़ाने की अपील
रांची में हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने एचईसी के कामगारों से मार्च में रिकॉर्ड उत्पादन करने का आह्वान किया। उन्होंने वित्तीय संकट के कारणों पर चर्चा की और प्रबंधन से वेतन भुगतान की मांग की। उन्होंने कहा कि एचईसी ने विभिन्न बड़े स्टील प्लांटों और महत्वपूर्ण उपकरणों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

रांची, विशेष संवाददाता। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) के महामंत्री सह राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने एचईसी के कामगारों से मार्च माह में रिकॉर्ड उत्पादन करने का आह्वान किया है। रविवार को यूनियन पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार की उपेक्षा के कारण एचईसी आज गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि बोकारो, विशाखापत्तनम, भिलाई और राउरकेला जैसे बड़े स्टील प्लांटों के निर्माण और पुनरुद्धार में एचईसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। माइनिंग, रेलवे, रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए क्रैंक शाफ्ट, शावेल और रॉकेट लांचिग पैड जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों के निर्माण में भी एचईसी का बड़ा योगदान रहा है।
लीलाधर सिंह ने कहा कि वित्तीय संकट के दौरान कार्यशील पूंजी की कमी, बैंक गारंटी पर रोक और कर्मचारियों को लंबे समय तक वेतन नहीं मिलने से स्थिति गंभीर हो गई थी। हालांकि, भेल के अध्यक्ष केएस मूर्ति के नेतृत्व में नई टीम और निदेशक मंडल के प्रयासों से उत्पादन और अनुशासन की स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष के अंतिम माह मार्च में रिकॉर्ड उत्पादन कर कंपनी को लाभ की स्थिति में लाने का लक्ष्य रखना होगा। यूनियन ने प्रबंधन से मांग की कि रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को देखते हुए 20 मार्च से पहले कर्मचारियों को एक माह का वेतन भुगतान किया जाए। बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष राजेंद्र कांत महतो ने की। बैठक में कई यूनियन पदाधिकारी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


