सिल्ली सीएचसी में 521 लोगों की हुई निःशुल्क जांच
सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा चौधरी ने सरकारी अस्पतालों में इलाज के लाभों की बात कही। स्वास्थ्य मेले में 521 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिसमें 66 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया। यह कार्यक्रम ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने के लिए आयोजित किया गया था।

सिल्ली, प्रतिनिधि। सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा चौधरी एवं प्रखंड प्रमुख जितेन्द्र बड़ाइईक शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मेला में लगाए गए विभिन्न स्टॉल का भ्रमण कर ग्रामीणों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। स्वास्थ्य मेला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अनेक स्टॉल लगाए गए थे। इनमें पोषण परामर्श, दवा वितरण, आयुष्मान एवं आभा कार्ड, सामान्य चिकित्सा, नेत्र जांच, बाल चिकित्सा, एनसीडी, वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य, टीकाकरण, मलेरिया, फाइलेरिया, कुष्ठ रोग, टीबी जांच, परिवार नियोजन परामर्श, मातृत्व स्वास्थ्य, आयुष एवं दंत चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण स्टॉल शामिल थे।
ग्रामीणों ने इन स्टॉलों पर पहुंचकर निःशुल्क जांच, दवा एवं परामर्श का लाभ उठाया। सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज की अपील: इस अवसर पर जिप उपाध्यक्ष वीणा चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य मेले गरीब, मजदूर एवं जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निजी अस्पतालों के बजाय सरकारी अस्पतालों में इलाज कराएं, जहां सभी प्रकार की जांच और इलाज निःशुल्क उपलब्ध है। प्रखंड प्रमुख जितेन्द्र बड़ाइईक ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मेले की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। स्वास्थ्य मेले में 66 महिलाओं का बंध्याकरण: स्वास्थ्य मेले में कुल 521 लोगों ने पंजीकरण कराया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ अतिरंजन, डॉ अभिषेक, डॉ संगीता बड़ाइक, डॉ मेरी लकड़ा, डॉ विवेक, डॉ कोमल, डॉ अनुराधा एवं डॉ श्रीमाली सुमी ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं एवं सलाह दी। इस दौरान लेप्रोस्कोपिक विधि से 66 महिलाओं का सफल बंध्याकरण भी किया गया। स्वस्थ समाज की दिशा में प्रयास: मेले की देखरेख कर रहे लेखा प्रबंधक मारुति नंदन चक्रवर्ती एवं डाटा प्रबंधक कमल कुमार ने बताया कि मेले का उद्देश्य ग्रामीण जनता को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देना और स्वास्थ्य जांच का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम का संचालन एनएम सुनंदा जायसवाल ने किया। मौके पर छोटे लाल पटेल, संजीव कुमार महतो, दीपक कुमार, सुरेन्द्र नाथ महतो, एनएम गायत्री कुमारी, बबीता कुमारी, मीरा कुमारी, हील्दा लकड़ा सहित स्वास्थ्य सहिया एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



