Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsHatia Project Workers Union Meeting Highlights Workers Struggles Over Wages and Rights
एचईसी कामगारों से उत्पादन बढ़ाने की अपील

एचईसी कामगारों से उत्पादन बढ़ाने की अपील

संक्षेप:

रांची में हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन की बैठक हुई, जिसमें महामंत्री लीलाधर सिंह ने कामगारों की वेतन और सुविधाओं की लंबित समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने प्रबंधन पर वादे न निभाने का आरोप लगाया। वर्तमान में एचईसी में उत्पादन शुरू हुआ है, लेकिन वेतन में वृद्धि के लिए अन्य स्रोतों की आवश्यकता है।

Jan 19, 2026 09:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची, विशेष संवाददाता। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन की बैठक सोमवार को यूनियन कार्यालय में हुई। महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि कामगारों की पीड़ा काफी है। वेतन और अन्य सुविधाएं लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन द्वारा किए गए वादों के बावजूद क्वार्टर नियमितीकरण नहीं किया गया और त्रिपक्षीय समझौते की कई बिंदुओं को एकतरफा रद्द या लंबित रखा गया है। वर्षों से यूनियन नेतृत्व पर भरोसा करने वाले कामगारों की यह पीड़ा अब असहनीय होती जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान निदेशक मंडल के प्रयासों से एचईसी में उत्पादन और उत्पादों का डिस्पैच शुरू हुआ है, जिसके कारण कम से कम आधा वेतन मिलना शुरू हुआ।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

यह उत्पादन पुराने कार्यादेशों के आधार पर हो रहा है, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत अग्रिम राशि एचईसी पहले ही प्राप्त कर चुकी है, जबकि शेष 20 प्रतिशत मिलने पर ही सीमित भुगतान संभव हो पाता है। किसी अन्य स्रोत से राशि प्राप्त होने पर वेतन भुगतान में वृद्धि होती है, जिसके तहत एक बार तीन महीने का वेतन भी दिया गया। महामंत्री ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान समय में एचईसी के लिए उत्पादन के अलावा कोई विकल्प नहीं है। औद्योगिक शांति बनाए रखते हुए निरंतर उत्पादन और मशीनों व उपकरणों के विक्रय से ही कर्मचारी, कंपनी और देश का हित सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि हड़ताल और प्रदर्शन से केंद्र सरकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। लेबर कोड के माध्यम से श्रमायुक्त की शक्तियां सीमित कर दी गई हैं, जिससे वे केवल पंच की भूमिका में रह गए हैं। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के उपाध्यक्ष श्री गिरीश कुमार चौहान ने की। बैठक में राजेंद्रकांत महतो, भोला साव, दिलीप, राममोहन बैठा, जगन्नाथ राम, धनंजय श्रीवास्तव, सी.एस. दास, सुधीर कुमार मिश्र, अनूप राज, शिवशंकर बैठा, महादेव महतो, ए टोप्पो, अजय, संजय सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।