हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सह महायज्ञ शुरू
कुरकुरा मंदरो गांव में हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सह मारुति महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने कलशयात्रा में भाग लिया। जलेश्वर धाम से जल लेकर लगभग पांच किलोमीटर की यात्रा की गई। आयोजन 23 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें राम कथा और यज्ञ अनुष्ठान होंगे।

मांडर, प्रतिनिधि। प्रखंड के कुरकुरा मंदरो गांव में बुधवार को कलशयात्रा के साथ हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सह मारुति महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। हजारों महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में इसमें शामिल हुए। कलशयात्रा भक्ति माहौल में निकली गई। सनातन परंपरा के अनुसार श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ जलेश्वर धाम पहुंचे और वहां से कलश में जल भरकर लगभग पांच किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचे। इस दौरान भक्ति गीतों और ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजकों ने पूरे मार्ग में टैंकर से पानी का छिड़काव कराया, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिली।
कलशयात्रा के समापन के बाद भक्तों के बीच खीर, चना, गुड़ और शरबत का वितरण किया गया। श्रीराम सेवा समिति मंदरो के अध्यक्ष संजय शाही ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन 23 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन रात्रि में राजस्थान के खाटू श्याम से आए महंत गीता रामजी महाराज राम कथा सुनाएंगे, वहीं वाराणसी से आए यज्ञाचार्यों की टीम यज्ञ और प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न कराएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


