पहाड़ी मंदिर में बाबा का हल्दी-मेहंदी उत्सव, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
रांची में महाशिवरात्रि से पूर्व पहाड़ी मंदिर में बाबा का हल्दी-मेहंदी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। महिला भक्तों ने भजन-कीर्तन के बीच हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम किया। इस अवसर पर विभिन्न मंडलियों ने सुमधुर प्रस्तुतियाँ दीं और नंद किशोर सिंह चंदेल ने अतिथियों को सम्मानित किया।

रांची, वरीय संवाददाता। महाशिवरात्रि से पूर्व पहाड़ी मंदिर में रविवार को बाबा का हल्दी-मेहंदी उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। श्री शिव बारात आयोजन केंद्रीय महासमिति की महिला टीम के नेतृत्व में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में बाबा का विशेष शृंगार, पूजन और आरती की गई। उत्सव के दौरान परंपरागत रस्मों को निभाते हुए महिला भक्तों ने भजन-कीर्तन के बीच हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम पूर्ण किया। इस अवसर पर जैप-1 कीर्तन मंडली, बर्जपुर मंडली और सिद्धी विनायक मंडली (रातु) ने सुमधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को शिवमय बना दिया। रस्मों के दौरान ममता मिश्रा ने वर पक्ष और वीणाश्री व अंजना सिन्हा ने वधू पक्ष की भूमिका निभाई।
समिति के संस्थापक नंद किशोर सिंह चंदेल ने उपस्थित अतिथियों और पदाधिकारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य सलाहकार अर्चना मिर्धा, कोषाध्यक्ष कविता वर्मा, अखिलेश राय, रामदेव सिंह और सागर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। महासमिति के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन महाशिवरात्रि से पूर्व बाबा की बारात की तैयारियों का एक प्रमुख हिस्सा है, जिसमें नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आए भक्तों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


