Ranchi News: तोरपा में भक्तिमय माहौल में निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

Ranchi News: तोरपा में आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। सुबह से ही भक्तों की भीड़ मंदिर में उमड़ पड़ी थी। ऊर्जावान माहौल में आरती, भजन और प्रसाद का वितरण किया गया। रथयात्रा में श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर शामिल हुए और रात 8:30 बजे रथ मौसीबाड़ी पहुंचा।

Ranchi News: तोरपा में भक्तिमय माहौल में निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

Ranchi News: तोरपा, प्रतिनिधि। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को भगवान जगन्नाथ भाई बलदेव और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर अपने भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकले। गुरुवार को तोरपा में पूरे धूमधाम और भक्तिमय माहौल में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। कोटेगसेरा स्थित जगन्नाथ मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। दिनभर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। सुबह मंगल आरती के बाद महाप्रभु का अभिषेक किया गया। हरिकथा, भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर गूंजता रहा। दोपहर में भोग आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। दर्शन-पूजन के बाद शाम पांच बजे रथयात्रा शुरू हुई। राजा के प्रतीक के रूप में प्रशांत राय ने रथयात्रा मार्ग में झाडू लगाने की परंपरागत रस्म निभाई। इसके बाद "जय जगन्नाथ" के जयघोष के साथ रथ आगे बढ़ा。

झूमे भक्त, गूंजे भजन:

रथयात्रा में शामिल श्रद्धालु ढोलक की थाप पर "हरि बोल" और "जगन्नाथ स्वामी की जय" के नारे लगाते हुए चल रहे थे। सैकड़ों महिला-पुरुष, वृद्ध और युवा "हरे कृष्ण हरे कृष्ण, गोपाला गोपाला, मुरली मनोहर नंद लाला, चल रे वृंदावन धाम, राधे-राधे गायेंगे" के मधुर बोलों पर सुध-बुध खोकर नाच रहे थे। पूरा तोरपा भक्तिमय हो उठा था। रथ जैसे ही आगे बढ़ा, रथ की रस्सी खींचने के लिए लोगों में होड़ मच गई। श्रद्धालु श्रद्धा भाव से रस्सी को छूकर प्रणाम कर रहे थे। रथ काली मंदिर, मेनरोड और महावीर मंदिर होते हुए रात 8:30 बजे मौसीबाड़ी पहुंचा। वहां पूजन-आरती के बाद प्रतिमाओं को रथ से उतारकर मंदिर के अंदर स्थापित किया गया। रथयात्रा में पूर्व विधायक कोचे मुंडा भी शामिल हुए। उन्होंने रथ की रस्सी खींची और शोभायात्रा में भक्तों के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। कार्यक्रम को सफल बनाने में महेश निलय दास, राधादास, रामदास प्रभु, एमपी सिंह, संतोष जायसवाल, दीपक तिग्गा, वीरेंद्र यादव, राजेश यादव, सेन प्रभु, मनोज गोप, रामधन यादव, नीलांबर यादव, रुपेश गुप्ता सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा कब निकाली गई थी?−
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को निकाली गई थी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsRanchi News: तोरपा में भक्तिमय माहौल में निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा