Ranchi News: तोरपा में चार दिवसीय गणेश महोत्सव कल, तैयारियां तेज
Ranchi News: गांधीनगर तोरपा में इस वर्ष फिर से गणेश चतुर्थी पूजन का भव्य आयोजन हो रहा है। चार दिवसीय महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पूजन समिति ने श्रद्धालुओं की भीड़ के अनुसार सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था की है। कार्यक्रम में कलश यात्रा, आरती और विसर्जन शोभा यात्रा शामिल है।

Ranchi News: तोरपा, प्रतिनिधि। गांधीनगर तोरपा में इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी पूजन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। चार दिवसीय गणेश महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर पूरे तोरपा बाजार और गांधीनगर क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महोत्सव को लेकर तोरपा चौक से लेकर पूजा पंडाल तक आकर्षक साज-सज्जा की गई है। सड़क के दोनों ओर ॐ अंकित पीले ध्वज लगाए गए हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भगवामय नजर आ रहा है। मुख्य मार्ग पर आकर्षक तोरण द्वार बनाया गया है। पूजा स्थल पर बन रहे विशाल और भव्य पंडाल को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पंडाल में रंग-बिरंगी आकर्षक विद्युत सजावट की गई है।पंडाल के गर्भगृह में विराजमान होने के लिए भगवान गजानन की भव्य प्रतिमा बनकर तैयार है। कारीगरों द्वारा प्रतिमा को अंतिम रूप से सजाया जा रहा है。
कार्यक्रम की जानकारी
गणेश पूजा समिति के अध्यक्ष राजेश नायक, संरक्षक गौरीशंकर नायक व कृष्णा नायक, मीडिया प्रभारी प्रदीप खोया ने बताया कि चार दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्य दिन-रात तैयारी में जुटे हैं।
विशेष कार्यक्रम
कार्यक्रम के अनुसार रविवार 13 सितंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह कलश यात्रा पूजा पंडाल परिसर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए छठ घाट तक जाएगी। इसमें सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। सोमवार 14 सितंबर को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से गणेश चतुर्थी पूजन संपन्न होगा। शाम में भव्य महाआरती का आयोजन होगा। मंगलवार 15 सितंबर को सुबह और शाम आरती होगी तथा भजन-कीर्तन होगा। बुधवार 16 सितंबर को गाजे-बाजे के साथ विसर्जन शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही महोत्सव का समापन होगा।

