अड़की में सरहुल पर्व पर निकली शोभा यात्रा, पारंपरिक नृत्य से गूंजा माहौल
अड़की प्रखंड मुख्यालय में आदिवासी समाज का प्रमुख पर्व सरहुल मनाया गया, जिसमें भव्य शोभा यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम में विधायक मनोज मंडल उपस्थित रहे। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सरहुल नृत्य प्रस्तुत किया। इस आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा दिया।

अड़की, प्रतिनिधि। अड़की प्रखंड मुख्यालय में आदिवासी समाज के प्रमुख पर्व सरहुल के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रोजेक्ट विद्यालय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र उत्सवमय माहौल में डूब गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो जिला प्रवक्ता सह विधायक प्रतिनिधि मनोज मंडल उपस्थित रहे। उनका पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लक्ष्मण पाहन और शाबरन पाहन द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें प्रकृति और ग्राम देवताओं की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।इस
दौरान महिला समूहों की विशेष भागीदारी देखने को मिली। पूर्व प्रमुख सीता नाग के नेतृत्व में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सरहुल नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके नृत्य और गीतों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। कार्यक्रम में पूर्व 20 सूत्री सदस्य भोला लाल, पूर्व मुखिया पन्ना देवी, मुखिया शांति देवी, प्रमुख कृष्ण सिंह मुंडा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सरहुल पर्व के इस आयोजन ने क्षेत्र में पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूती प्रदान करते हुए युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


