
आपकी योजना–आपकी सरकार आपके द्वार अभियान की तैयारियों का डीडीसी ने लिया जायजा
राज्य सरकार का 'आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार' अभियान 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा। उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने वर्चुअल बैठक में अधिकारियों से तैयारियों की समीक्षा की। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर प्रदान करना है।
खूंटी, संवाददाता। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी अभियान आपकी योजना–आपकी सरकार आपके द्वार के सफल संचालन को लेकर उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने बुधवार को वर्चुअल बैठक कर जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। यह अभियान 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक जिले के सभी पंचायतों में संचालित होगा। बैठक में डीडीसी ने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन सुविधा और शिकायत निवारण एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पंचायतों में शिविरों का समयबद्ध एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
शिविर स्थल, तिथि निर्धारण, प्रचार-प्रसार, स्टॉल प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को पूर्व से पूरा करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि शिविरों में ऑन-द-स्पॉट आवेदन प्राप्ति, स्वीकृति और लाभ वितरण पर विशेष जोर दिया जाए, ताकि लाभुकों को त्वरित सुविधा मिल सके। साथ ही आम जनता की समस्याओं व शिकायतों का निवारण शिविर स्थल पर ही प्राथमिकता से करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम के निरीक्षण एवं समन्वय के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करेंगे। इस अभियान के तहत शिविरों में जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, पेंशन, बिरसा हरित ग्राम योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, अबुआ आवास योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड सहित कई योजनाओं के आवेदन लिए जाएंगे। साथ ही जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र संशोधन, आधार-राशन कार्ड सुधार, बिजली बिल संबंधित समस्याएं जैसी सेवाएं भी स्थल पर ही उपलब्ध होंगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




