आईएएस संदीप सिंह को उत्पाद आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार
योजना एवं विकास विभाग में अपर सचिव बनाई गईं जाधव विजय नारायण राव, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने जारी की अधिसूचना

रांची, हिंदुस्तान ब्यूरो। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों का तबादला करने के साथ कई को अतिरिक्त प्रभार दिया है। इसे लेकर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने 22 मई की तिथि से अधिसूचना जारी की है। यह अधिसूचना सोमवार सुबह जारी की गई। अधिसूचना के मुताबिक, श्रमायुक्त के पद पर कार्यरत संदीप सिंह को वर्तमान पद के साथ अतिरिक्त प्रभार के रूप में उत्पाद आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा को क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। निदेशक पशुपालन के पद पर कार्यरत आदित्य कुमार आनंद को अब विशेष सचिव, श्रम विकास विभाग के पद पर नियुक्त किया गया है।
साथ ही उन्हें निदेशक, नियोजन एवं प्रशिक्षण का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। पर्यटन निदेशक जाधव विजय नारायण राव को अब अपर सचिव, योजना एवं विकास में तैनाती हुई है। उत्पाद आयुक्त बनाए गए नीरज कुमार सिंह को अब उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। आईएएस अधिकारी समीरा एस. को 22 मई को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया था। उस आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें अब निदेशक, मध्याह्न भोजन प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।बता दें कि बीते शुक्रवार (22 मई) को कार्मिक विभाग ने कई अधिकारियों का तबादला किया था। उसमें जाधव विजय नारायण राव को अपर सचिव, महिला एवं बाल विकास और नीरज कुमार सिंह को उत्पाद आयुक्त नियुक्त किया गया था। कार्मिक ने सोमवार को 22 मई की तिथि से एक नया संशोधन आदेश जारी किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


