Ranchi News: चीन में गोल्ड जीतने के बाद भी बदहाल है विनीमा धान का घर
Ranchi News: गोल्ड मेडलिस्ट हॉकी खिलाड़ी विनीमा धान का परिवार खपरैल वाले कच्चे मकान में रह रहा है। घर में शौचालय नहीं है, जिससे विनीमा को खुले में जाना पड़ता है। आर्थिक तंगी के बावजूद, विनीमा ने हॉकी में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। विधायक ने जल्द समस्या का समाधान करने का वादा किया।

Ranchi News: तोरपा, प्रतिनिधि। कर्रा प्रखंड के जरियागढ़ बाभनटोली गांव की रहने वाली गोल्ड मेडलिस्ट हॉकी खिलाड़ी विनीमा धान का परिवार खपरैल वाले कच्चे मकान में रह रहा है। घर में शौचालय तक नहीं है। विनीमा को खुले में शौच जाना पड़ता है। विनीमा के पिता मोगो धान छोटे किसान हैं, जबकि मां अंजनी धान गृहिणी हैं। उनके दो भाई बेरोजगार हैं। सीमित आमदनी में परिवार का गुजारा चलता है। आर्थिक तंगी के बावजूद मोगो धान ने संघर्ष कर बेटी को हॉकी खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। वह आज देश के लिए पदक जीत रही है, लेकिन परिवार को अब तक बुनियादी सुविधा नहीं मिली है। गोविंदपुर मैदान से शुरू हुआ विनीमा का हॉकी का सफर:
विनीमा का हॉकी का सफर
विनीमा ने 2014 में गोविंदपुर मैदान से हॉकी खेलना शुरू किया। 2017 में उसका चयन बारियातू सेंटर में हुआ। 2021 में उसने सब-जूनियर नेशनल टीम में जगह बनाई। इसके बाद वह लगातार जूनियर इंडिया कैंप का हिस्सा रहीं। 2024 में जूनियर एशिया कप में स्वर्ण पदक जीता। 2025 में जूनियर वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 2026 में चीन में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप में फिर स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। चीन से गोल्ड जीतकर पहली बार गांव लौटने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से विनीमा का स्वागत किया था। स्वागत के बाद भी उसके घर की बदहाली अब जस की तस बनी हुई है।
सम्मान समारोह में विनीमा ने बताई परेशानी
शुक्रवार को तपकरा में विधायक सुदीप गुड़िया द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में विनीमा ने अपनी परेशानी बताई। उसने विधायक से कहा कि सर, शौचालय बनवा दीजिए। शौचालय नहीं होने से खुले में जाना पड़ता है। बहुत दिक्कत होती है। वहीं, कर्रा प्रखंड को 2018 में ही खुले में शौच से मुक्त घोषित किया जा चुका है। कागजों पर हर घर में शौचालय होने का दावा है, लेकिन धरातल पर देश की गोल्ड मेडलिस्ट ही खुले में शौच जाने को मजबूर है। विनीमा के घर की स्थिति सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को सामने लाती है।
सरकारी प्रतिक्रिया
कोट---
विनीमा धान के घर में शौचालय नहीं होने की सूचना मिली है। मामला संज्ञान में है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्राथमिकता के आधार पर शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। संबंधित विभाग को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाएगा, ताकि परिवार को जल्द से जल्द सुविधा उपलब्ध हो सके।
-जावेद हुसैन, उपायुक्त, खूंटी।
मुझे जानकारी नहीं थी कि विनीमा धान के घर में शौचालय नहीं है। यह गंभीर मामला है। जल्द ही शौचालय के साथ आवास की भी स्वीकृति कराकर निर्माण कराया जाएगा। विनीमा ने खेल के क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है। उनके परिवार को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।
-सुदीप गुड़िया, तोरपा विधायक।

