तोरपा में 45 दिन के बाद मिल रही गैस
तोरपा में रसोई गैस की आपूर्ति गंभीर संकट में है। पहले 25 दिनों में गैस मिल जाती थी, अब यह 45 दिनों में मिल रही है। उपभोक्ताओं को पारंपरिक चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। प्रशासन से आपूर्ति सुधारने की मांग की गई है।

तोरपा, प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था इन दिनों गंभीर संकट से गुजर रही है। जहां पहले उपभोक्ताओं को 25 दिनों के भीतर गैस रिफिलिंग मिल जाती थी, वहीं अब खाड़ी युद्ध के बाद स्थिति बिगड़ गई है और गैस की आपूर्ति 45 दिनों के बाद हो रही है। इससे आम उपभोक्ताओं के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। गैस पर खाना बनाने वाली एक गृहिणी ने बताया कि पांच सदस्यीय परिवार में 14.5 किलो का गैस सिलेंडर करीब 25 दिनों में खत्म हो जाता है। इसके बाद उन्हें करीब 20 दिनों तक गैस के लिए इंतजार करना पड़ता है।
45वें दिन ऑनलाइन बुकिंग का नंबर आता है और ओटीपी मिलने के बाद ही गैस एजेंसी सिलेंडर उपलब्ध कराती है। इस बीच के 20 दिन परिवार के लिए बेहद कठिन साबित हो रहे हैं।परंपरागत चूल्हों पर बढ़ी निर्भरता:गैस की कमी के कारण उपभोक्ताओं को फिर से परंपरागत मिट्टी के चूल्हे, लकड़ी और कोयले का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे न सिर्फ असुविधा हो रही है, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।आपूर्ति में देरी, एजेंसी ने दी जानकारी:एचपी गैस एजेंसी के संचालक ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कमी नहीं है, लेकिन आपूर्ति चक्र 25 दिनों से बढ़कर 45 दिनों का हो गया है। उन्होंने बताया कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की स्थिति और भी गंभीर है, जहां भारी कमी देखी जा रही है।मांग के मुकाबले कम आपूर्ति:खूंटी जिले में प्रतिदिन लगभग 450 गैस सिलेंडरों की खपत होती है, लेकिन इसके मुकाबले बहुत कम संख्या में सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। 5 लीटर के छोटे सिलेंडर उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी भी पर्याप्त मात्रा नहीं है। गैस आपूर्ति में देरी के कारण उपभोक्ताओं के सामने खाना बनाने की बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सुधारने की मांग की है, ताकि उन्हें समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


