हुंडरू फॉल में डूब रहे तीन छात्रों को पर्यटनकर्मियों ने बचाया

Apr 05, 2026 06:14 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

रविवार को अनगड़ा के हुंडरू फॉल में चार छात्रों ने डेंजर जोन में सेल्फी लेने की कोशिश की। 20 वर्षीय प्रत्यूष राज का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। पर्यटनकर्मियों की मदद से उसे बचाया गया। प्रत्यूष को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।

हुंडरू फॉल में डूब रहे तीन छात्रों को पर्यटनकर्मियों ने बचाया

अनगड़ा, प्रतिनिधि। डेंजर जोन में सेल्फी लेना चार छात्रों को भारी पड़ गया, जब एक का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूबने लगा। हालांकि, मौके पर तैनात पर्यटनकर्मियों की सतर्कता से तीनों की जान बचा ली गई। घटना रविवार दोपहर करीब एक बजे हुंडरू फॉल की है। रांची के चुटिया पावर हाउस चौक के पास किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करने वाले चार दोस्त घूमने पहुंचे थे। सभी मूल रूप से पलामू जिले के छतरपुर के रहने वाले हैं। बताया गया कि चारों युवक डेंजर जोन में सेल्फी ले रहे थे, तभी 20 वर्षीय प्रत्यूष राज का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा।

उसे बचाने के लिए उसके साथी पीयूष राज और गुलशन कुमार पानी में कूद पड़े, लेकिन प्रत्यूष तब तक पानी के नीचे जा चुका था। सुमित कुमार ने शोर मचाकर मदद मांगी। आवाज सुनकर वहां तैनात पर्यटनकर्मी मौके पर पहुंचे और तुरंत पानी में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान करीब 25 फीट गहरे पानी में डूबने से प्रत्यूष बेहोश हो गया था, उसकी सांसें थमने लगी थीं और नाक से खून व मुंह से झाग निकल रहा था। पर्यटनकर्मियों ने उसे जमीन पर लिटाकर करीब एक घंटे तक सीपीआर देकर उसकी जान बचाई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यूष और पीयूष राज संत जेवियर कॉलेज के इंटर के छात्र हैं, जबकि गुलशन कुमार और सुमित कुमार गोस्सनर कॉलेज के छात्र हैं। मौके पर झारखंड पर्यटक सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राज किशोर प्रसाद और बालेश्वर बेदिया ने बताया कि बार-बार मना करने के बावजूद पर्यटक डेंजर जोन में चले जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।