बेड़ो बाजार को मॉडल हाट के रूप में विकसित किया जाएगा : बंधु
पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने बेड़ो बाजार और सब्जी मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बेड़ो बाजार को मॉडल बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं को मुहैया...

बेड़ो, प्रतिनिधि। पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने रविवार को बेड़ो बाजार और सब्जी मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बेड़ो बाजार को एक मॉडल बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दौरान बेड़ो बाजारटांड़ की भौगोलिक और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। साथ ही शौचालय, सड़क, शेड, पेयजल, बिजली, कोल्ड स्टोरेज और सब्जी मंडी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ बेड़ो बाजारटांड़ स्थित सब्जी मंडी के पास बैठक की और कहा कि यहां आवश्यक संसाधन और मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। रांची जिले के नगड़ी, मखमंद्रो, ब्राम्बे, हुंटार और बेड़ो प्रमुख हाट हैं। इसमें बेड़ो बाजार का सब्जी निर्यात के क्षेत्र में अलग पहचान है। यहां की सब्जियां देश के महानगरों में से मुंबई, मद्रास, छत्तीसगढ़ और कोलकाता आदि जगहों पर भेजी जाती हैं। यह कृषि बहुल क्षेत्र है। हालांकि बेड़ो बाजारटांड़ का अतिक्रमण हो रहा है। जिससे बेड़ो बाजार सिमटता चला जा रहा है। उन्होंने किसानों के हित में बंद पड़े कोल्ड स्टोरेज को शुरू करने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। बंधु ने कहा कि बेड़ो बाजार के समग्र विकास के लिए क्षेत्र के ग्रामीणों, अधिकारियों और समाजसेवियों के साथ जल्द एक संगोष्ठी की जाएगी। इसमें व्यापार विचार-विमर्श करते हुए निर्णय लिया जाएगा। मौके पर कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष करमा उरांव, पिंकू लाल खन्ना, सोमरा लोहरा, पंचू उरांव, खद्दी उरांव, निर्मल तिर्की, जयंत लाल खन्ना और शमशाद आदि मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।