मारवाड़ी सम्मेलन की बैठक में समाज को संगठित और सशक्त बनाने पर जोर
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की मेजबानी में अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक शनिवार को मारवाड़ी भवन, रांची में हुई। बैठक में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने सम्मेलन की योजनाओं पर चर्चा की और संगठन के सुदृढ़ीकरण पर विचार किया।

रांची, वरीय संवाददाता। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की मेजबानी में अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की एक दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को मारवाड़ी भवन में हुई। बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने की। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रांतीय अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। बैठक का शुभारंभ पवन कुमार गोयनका, राष्ट्रीय महामंत्री केदारनाथ गुप्ता, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया, झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल एवं प्रांतीय महामंत्री विनोद जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षीय संबोधन में पवन कुमार गोयनका ने सम्मेलन की भावी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने राष्ट्रीय स्थायी समिति के गठन के अनुमोदन, संगठन विस्तार, विभिन्न प्रांतों की सक्रिय भूमिका तथा समाज को संगठित व सशक्त बनाने के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। राष्ट्रीय महामंत्री केदारनाथ गुप्ता ने विगत कार्यकाल के क्रियाकलापों का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, दिल्ली, असम, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान राष्ट्रीय मुद्दों, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, सामाजिक समरसता, शिक्षा और सेवा कार्यों पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया। प्रारंभिक उद्बोधन झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने दिया। बैठक को राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री पवन कुमार बंसल, बसंत कुमार सुराना, अनिल कुमार मलावत, ललित कुमार पोद्दार, विनोद कुमार जैन और पवन शर्मा सहित अन्य ने संबोधित किया। कार्यक्रम में संजय हरलालका, ओम प्रकाश अग्रवाल, राजकुमार केडिया, अशोक नारसरिया, चंडी प्रसाद डालमिया, कमल कुमार केडिया, मनोज चौधरी और निर्मल काबरा सहित 50 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



