डीएफओ कार्यालय परिसर में लगी आग, ढाई लाख की लकड़ियां खाक
खूंटी के वन प्रमंडल कार्यालय परिसर में होली के दिन अचानक आग लग गई। जब्त की गई लकड़ियों में आग लगने से लगभग दो से ढाई लाख रुपये की लकड़ी जलकर खाक हो गई। वन विभाग के कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, और अग्निशामक दल ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

खूंटी, संवाददाता। होली के दिन बुधवार की शाम खूंटी स्थित वन प्रमंडल कार्यालय परिसर में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। कार्यालय परिसर के पीछे रखी जब्त की गई लकड़ियों में आग लगने से बड़ी मात्रा में लकड़ी जलकर खाक हो गई। घटना में लगभग दो से ढाई लाख रुपये मूल्य की लकड़ियों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन प्रमंडल कार्यालय परिसर के पीछे अवैध कटाई से जब्त की गई लकड़ियों को रखा गया था। बुधवार शाम अचानक इन लकड़ियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग लगते ही वन विभाग के कर्मियों में हड़कंप मच गया और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में परिसर में खड़े दो ट्रकों के आगे के पहिए भी आ गए थे, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।इस आगलगी की घटना में बड़ी संख्या में कीमती लकड़ियों के बोटे जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब दो से ढाई लाख रुपये की लकड़ी जलकर नष्ट हो गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वन विभाग के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


