Ranchi News: धूप खिलते ही मूर्तियों को मिली जान, पूजा पंडालों ने पकड़ी रफ्तार
Ranchi News: रांची में हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम साफ होते ही दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। मूर्तिकार और कारीगर रात-दिन पंडालों के निर्माण में जुटे हैं। बारिश ने निर्माण कार्य को प्रभावित किया था, लेकिन अब सभी काम तेजी से अंतिम रूप ले रहे हैं। पूजा समितियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

Ranchi News: रांची, संवाददाता। पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के बाद धूप खिली तो हर किसी ने राहत की सांस ली। त्योहारी सीजन में मौसम के साफ होने से दुर्गा पूजा की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मूर्तियों और पूजा पंडालों के धीके हुए निर्माण कार्य को भी गति मिलने लगी है। रांची में मूर्तिकार और कारीगर दिन-रात पंडालों को अंतिम रूप देने में तेजी से जुट गए हैं। बुधवार तक कई पूजा समितियों के पंडालों का करीब 80 प्रतिशत तक निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, जिन पूजा पंडालों में प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है, वहां भी काम अंतिम दौर में पहुंच गया है। बारिश के कारण पिछले कई दिनों से पंडाल निर्माण का काम प्रभावित था। खुले मैदान और निर्माण स्थल पर पानी जमा होने के साथ ही बांस, कपड़ा, थर्मोकोल, प्लाई और सजावटी सामग्री के साथ काम करना मुश्किल हो गया था। कई समितियों को कारीगरों का काम रोकना पड़ा था। लगातार हो रही बारिश की वजह से कई कारीगर अपने घर भी निकल गए थे। अब मौसम साफ होने के बाद तेजी के साथ वापस लौट रहे हैं। वहीं, मौजूद कारीगरों ने रुका हुआ काम तेजी से पूरा करना शुरू कर दिया है।
रातभर पंडालों को आकार दे रहे कारीगर
पंडाल निर्माण में लगे कारीगर अब समय की भरपाई में जुटे हैं। दिन में काम करने के बाद कई जगह रात तक भी पंडालों की सजावट और ढांचे को तैयार करने का काम चल रहा है। बांस का ढांचा तैयार करने, कपड़े और सजावटी सामग्री लगाने, विद्युत सज्जा के लिए वायरिंग करने और प्रवेश व निकास द्वार तैयार करने का काम साथ-साथ किया जा रहा है। कारीगर बिना थके दिनभर पंडाल के सजावट कार्य में जुटे हुए है। समय कम होने की वजह से लगातार पूजा समितियां भी निर्माण स्थल पर पहुंचकर रोजाना काम की प्रगति का जायजा ले रही हैं।
धूप की तपिश में प्रतिमाएं तेजी से सूख रहीं
बारिश से सबसे अधिक परेशानी प्रतिमा निर्माण में लगे मूर्तिकारों को हुई। लगातार नमी के कारण मिट्टी की प्रतिमाओं को सुखाने में काफी समय लग रहा था। बारिश के दौरान मूर्तिकारों ने पंखे, ब्लोअर और अन्य वैकल्पिक तरीकों से प्रतिमाओं को सुखाने का प्रयास किया। अब धूप निकलने के बाद प्रतिमाओं को खुले में रखकर प्राकृतिक तरीके से सुखाया जा रहा है। जिन पूजा समितियों के पंडाल परिसर में ही प्रतिमा बनाई जा रही है, वहां प्रतिमाओं की रंगाई और अंतिम सज्जा का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सजावट और रोशनी की भी तैयारी तेज
पंडालों का ढांचा तैयार होने के साथ ही बिजली और रोशनी की सजावट की तैयारी भी शुरू हो गई है। आकर्षक लाइटिंग, झालर, एलईडी और थीम आधारित विद्युत सज्जा के लिए समितियां तैयारियां कर रही हैं। इसके अलावा पंडाल परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी काम शुरू हो गया है।
बारिश में कारीगर लौट गए थे घर
पंडाल और मूर्ति निर्माण कार्य में जुटे हुए कारीगरों ने बताया कि यदि लगातार बारिश नहीं होती तो अब तक पंडालों का अधिकांश काम पूरा हो गया होता। लंबे समय तक बारिश के कारण काम बंद रहने से कई कारीगर अपने घर लौट गए थे। अब मौसम साफ होने के बाद मौजूद कारीगर दिन-रात काम कर पंडालों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। वहीं, मूर्तिकार भी तेजी के साथ मूर्ति निर्माण में जुटकर प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे है। उनका कहना है कि मौसम इसी तरह साफ रहा तो निर्धारित समय तक पंडालों का काम पूरा कर लिया जाएगा।
पूजा समितियों में खुशी
पंडाल के लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरे कर लिए है। केवल सजावट करनी शेष है। माता की प्रतिमा तैयार है। रंगाई और वस्त्र पहनाने का कार्य बचा हुआ है। 13 तक पंडाल के सभी कार्य पूरा कर लिया जाएगा। चतुर्थी से भक्त पंडाल का भ्रमण कर सकेंगे।
- अशोक पुरोहित, अध्यक्ष, राजस्थान मित्र मंडल पूजा समिति
बारिश की वजह से पंडाल और मूर्ति निर्माण कार्य में विलंब हुआ है। मौसम साफ होने के बाद कारीगर तेजी से कार्य में जुटे हुए है। अब तक पंडाल के अंदर 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। रोजाना पंडाल में जाकर कार्य का जायजा भी लिया जा रहा है। चतुर्थी से पंडाल श्रद्धालु के लिए खुल जाएगा।
- राहुल अग्रवाल, अध्यक्ष, बकरी बाजार पूजा समिति


