Fatima alias Anjali is the Rajdar of PLFI पीएलएफआई की राजदार है फातिमा उर्फ अंजलि, Ranchi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsFatima alias Anjali is the Rajdar of PLFI

पीएलएफआई की राजदार है फातिमा उर्फ अंजलि

उग्रवादी संगठन पीएलएफआई की राजदार अंजलि उर्फ लिली भारतीय नागरिक नहीं है। वह मूलरूप से बांग्लादेश की रहने वाली है। उसका नाम कनीज फातिमा है और वह...

Newswrap हिन्दुस्तान, रांचीFri, 14 Jan 2022 03:30 AM
share Share
Follow Us on
पीएलएफआई की राजदार है फातिमा उर्फ अंजलि

रांची। वरीय संवाददाता

उग्रवादी संगठन पीएलएफआई की राजदार अंजलि उर्फ लिली भारतीय नागरिक नहीं है। वह मूलरूप से बांग्लादेश की रहने वाली है। उसका नाम कनीज फातिमा है और वह बांग्लादेश के खुलना नामक जगह की रहने वाली है। सात साल से कनीज दिल्ली में अंजलि उर्फ लिली के नाम से रह रही है। उसने बांग्लादेश से दिल्ली आने के बाद अपना नाम अंजलि रखा था। इस बात का खुलासा अंजलि ने पूछताछ में पुलिस के समक्ष किया। उसने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि पीएलएफआई उग्रवादी निवेश के माध्यम से लेवी की रकम रीयल स्टेट और होटलों में इनवेस्ट कर रहे हैं। पूछताछ में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि फातिमा पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप का सबसे करीबी सहयोगी निवेश की गर्लफ्रेंड है।

जिस्मफरोशी के धंधे में उतरी

धुर्वा थाने में हुई पूछताछ में फातिमा ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में नाम व पहचान बदलकर रह रही थी। बांग्लादेश से आने के बाद वह दिल्ली में सेक्स रैकेट के धंधे में शामिल हो गई। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में वह यह धंधा करने लगी। इसी से वह अपना जीवनयापन करती है।

दिल्ली में हुई निवेश से मुलाकात

उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के करोड़ो की ब्लैक मनी को वाइट करने के लिए निवेश अक्सर दिल्ली जाया करता था। शराब और लड़कियों के शौकीन निवेश की मुलाकात इसी दौरान फातिमा उर्फ अंजलि से हो गई। इसके बाद जब भी निवेश दिल्ली जाता फातिमा उसके शौक को पूरा करने के लिए उसके पास पहुंच जाती थी।

होटल कारोबार देख रही थी फातिमा

लगातार मुलाकात के बाद निवेश और फातिमा में काफी अच्छी दोस्ती हो गई। निवेश कुमार उसे अपनी पत्नी के रूप में दिल्ली में रखने लगा था। इस दौरान निवेश ने जो होटल लेवी के द्वारा कमाई के पैसे से दिल्ली में खोला था, उसकी जिम्मेवारी फातिमा को दे दी।

पैसे के लेन-देन में फातिमा का इस्तेमाल

निवेश अपने साथियों के साथ लगातार पीएलएफआई के द्वारा वसूली गई अकूत संपत्ति को रियल एस्टेट और होटल के कारोबार में लगा रहा था। इस दौरान वह लाखों रुपये के लेन-देन भी किया करता था। पैसे अधिकांशत: चार पहिया वाहन से ही ले जाया जाता था। निवेश ने प्लान के तहत ही बीएमडब्ल्यू, थार और दूसरी महंगी गाड़िया खरीदी थी, ताकि किसी को भी शक न हो। निवेश महंगी कार में फातिमा उर्फ अंजलि को बिठा कर पैसे नगद एक शहर से दूसरे शहर भेजता था। फातिमा को पत्नी के रूप में बिठा कर बकायदा ड्राइवर को ड्रेस पहना पैसे इधर-उधर किये जाते थे।

रांची पुलिस फातिमा का खोज रही पासपोर्ट

रांची के ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि फिलहाल फातिमा से पुलिस पूछताछ कर रही है, पूरे मामले में उसकी संलिप्तता है या नहीं, यह जानने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, फातिमा फर्जी तरीके से भारत आई है या उसका पासपोर्ट है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फातिमा की गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

सात साल से है भारत में

रांची पुलिस की पूछताछ में फातिमा ने यह बताया है कि वह सात साल पहले बांग्लादेश के खुलना जिले से दिल्ली पहुची थी। दो साल पहले निवेश से उसकी पहचान हुई, जिसके बाद वह लगातार उसके साथ रह रही थी। बांग्लादेश का खुलना वही जिला है, जहां पिछले साल अल्पसंख्यक समाज के खिलाफ जमकर हिंसा हुई थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।